Edinbox Hindi

कोलकाता की घटना के खिलाफ डॉक्टरों की हड़ताल जारी, पुलिस को कल तक जांच पूरी करने का अल्टीमेटम

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या के खिलाफ डॉक्टर और छात्र सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को भी डॉक्टरों की हड़ताल जारी है। उन्होंने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए कल तक का समय दिया है।

डॉक्टरों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। आज भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। सुबह से ही सभी सरकारी अस्पतालों के बाह्य रोगी विभागों (ओपीडी) में मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, वरिष्ठ डॉक्टर भीड़ को संभालने के लिए अपने कनिष्ठ समकक्षों को तैनात करते दिख रहे थे। चूंकि सोमवार को अधिकांश वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद थे, इसलिए स्थिति को संभाल लिया गया था। लेकिन आज स्थिति चरमराती नज़र आयी। 

वहीं, महिला डॉक्टर की हत्या के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच की मांग कर रहे आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार को कोलकाता पुलिस को जांच पूरी करने के लिए 14 अगस्त तक का समय दिया है। प्रदर्शन कर रहे आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक जूनियर डॉक्टर ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक काम पर नहीं लौटेंगे और विरोध जारी रहेगा। हम अपनी मांगों के बारे में बहुत स्पष्ट हैं। हम घटना की न्यायिक जांच चाहते हैं। पुलिस को रविवार तक की समयसीमा की जरूरत क्यों है? हम पुलिस से बुधवार तक अपनी जांच पूरी करने को कह रहे हैं। 

बता दें, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को मृतका के माता-पिता से मिलने के बाद मामले को सुलझाने के लिए कोलकाता पुलिस को 18 अगस्त तक की समयसीमा दी है। सीएम ने कहा था कि अगर तब तक कुछ पता नहीं चलता है तो यह मामला सीबीआई को सौंप दिया जाएगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed