
JNV Admission 2025: जवाहर नवोदय विद्यालयों (JNVs) को संचालित करने वाली केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश (NVS Class 6 Admission 2025) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे में जो माता-पिता अपने बच्चे का दाखिले जवाहर नवोदय विद्यालयों में अगले साल कक्षा 6 में दिलाना चाहते हैं वे आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in.पर जाकर प्रवेश परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि, 16 सितंबर, 2024 है।
JNV स्कूल विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए जाने जाते हैं। जेएनवी में कक्षा 6 में प्रवेश पूरी तरह से योग्यता के आधार पर होता है, जो जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) नामक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से निर्धारित होता है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जेएनवीएसटी को डिजाइन और संचालित करता है, जो छात्रों की मानसिक क्षमता, गणित और क्षेत्रीय भाषा का मूल्यांकन करता है।
चयन प्रक्रिया का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभा की पहचान करना और उसका पोषण करना है। जेएनवीएसटी के परिणामों के आधार पर एक मेरिट सूची तैयार की जाएगी, और प्रत्येक जिले के शीर्ष 80 मेधावी छात्रों को स्थानीय जेएनवी में प्रवेश दिया जाएगा।
ऐसे में पैरेंट्स को ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले अपलोड किए जाने वाले डॉक्यूमेंट्स की स्कैन की हुई सॉफ्ट कॉपी को सेव कर लेना चाहिए। इनमें निम्नलिखित शामिल हैं:- छात्र या छात्रा का हस्ताक्षर, माता-पिता का हस्ताक्षर, छात्र या छात्रा की फोटो, माता-पिता और छात्र/छात्रा द्वारा हस्ताक्षर किया हुआ और स्कूल के हेडमास्टर द्वारा सत्यापित प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड (यदि नहीं है तो मान्य कोई अन्य आवास प्रमाण-पत्र) आदि।




Add comment