
कोयंबटूर जिला पुलिस ने सिरुमुगई के निकट एक सहायता प्राप्त स्कूल के शिक्षक को नौ छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़ित छात्राओं द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस को घटना की सूचना न देने पर प्रधानाध्यापिका और तीन शिक्षकों पर भी मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी शिक्षक (54) कक्षा सातवीं और आठवीं की छात्राओं को पढ़ाता था।
पुलिस के मुताबिक, नौ छात्राओं ने जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) के अधिकारियों से इस मामले में तब शिकायत की, जब वे स्कूल में बाल यौन शोषण और बाल विवाह पर जागरूकता सत्र आयोजित करने आये हुए थे। बताया गया कि शिक्षक ने जून और जुलाई 2024 के बीच छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया था।
पीड़ित छात्राओं के बयान के आधार पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सिरुमुगई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें शिक्षक, प्रधानाध्यापिका और कक्षा सातवीं और आठवीं की तीन महिला शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
छात्राओं द्वारा दिए गए बयान के अनुसार, उन्होंने कक्षा शिक्षकों से यौन उत्पीड़न के सम्बन्ध में शिकायत की थी। प्रधानाध्यापिका को भी सूचित किया था और उन्होंने इसकी जांच भी की थी। हालांकि, उनमें से किसी ने भी पुलिस, डीसीपीयू या अन्य अधिकारियों को घटना की सूचना नहीं दी।
सिरुमुगई पुलिस ने अब जिला बाल संरक्षण अधिकारी की शिकायत पर यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO) की कई धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया कर शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अन्य शिक्षकों को भी समन भेजा गया है।




Add comment