Edinbox Hindi

साइकिल से स्कूल जा रहे छात्रों पर तेज करंट वाला तार गिरा, एक की मौत, वीडियो वायरल

आंध्र प्रदेश के कडपा शहर के बेलम मंडी स्ट्रीट में स्कूल जाते समय दो छात्र बिजली के तार की चपेट में आ गए। तार में उस वक्त तेज करंट दौड़ रहा था। करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। 

मृतक की पहचान शहर के विद्यासागर हाई स्कूल (निजी) के छात्र तंजुमन रहमान (11) के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। घायल छात्र शेख अदनान (11) भी  उसी स्कूल में उसकी ही कक्षा में पढ़ता था। बुधवार, 21 अगस्त को दोपहर में दोनों छात्र घर से खाना खाने के बाद स्कूल लौट रहे थे। तभी एक गली से गुजरते वक्त हादसा हो गया। 

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे दोपहर का भोजन करने के बाद साइकिल से स्कूल जा रहे थे। लेकिन रास्ते में टाइटैनिक बिल्डिंग के पास बिजली के तार से टकराने के कारण वे साइकिल समेत गिर गए। तार से उन्हें तुरंत करंट लग गया और रहमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अदनान को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर माता-पिता और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया क्योंकि मौत विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हुई थी।

स्थानीय विधायक माधवी रेड्डी घटनास्थल पर पहुंच कर छात्रों के परिवार से मिलीं।  उन्होंने घायल छात्र अदनान के परिवार के लोगों को उचित उपचार का भरोसा दिया है।  रिपोर्ट के मुताबिक माधवी ने कहा कि बिजली विभाग के दोषी फील्ड स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वे इस मामले को राज्य के ऊर्जा मंत्री के संज्ञान में ले जाएंगी और उचित जांच कराई जाएगी। बीजेपी विधायक ने मृत छात्र के परिवार को पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की है। 

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने छात्र की मौत पर दुख और शोक व्यक्त किया। मंत्री ने विद्युत दुर्घटनाओं की श्रृंखला के संबंध में सचिवालय में सीएमडी के साथ एक आपातकालीन समीक्षा बैठक की।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed