
उत्तर प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बरेली (Bareilly) ज़िले में दुष्कर्म की शिकार कक्षा नौवीं की एक छात्रा ने डीजल छिड़ककर आत्मदाह कर लिया। उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बरेली के भोजीपुरा का पीड़ित परिवार आरोपी पक्ष की दबंगई से डर कर 26 अगस्त को हुई दुष्कर्म की घटना की पुलिस से शिकायत करने की हिम्मत भी नहीं जुटा सका था। और इसके अगले ही दिन दरिंदगी से आहत पीड़िता ने जान दे दी। तब जाकर पिता ने किसी तरह एफआईआर दर्ज कराई। नाबालिग के पिता का कहना है कि बदनामी के डर से बेटी ने यह कदम उठा लिया। नाबालिग के साथ स्कूल में पढ़ने वाले दो लड़कों ने रेप की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने नाबालिग दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर एक को हिरासत में ले लिया है। भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान 26 अगस्त को पत्नी के साथ जन्माष्टमी मनाने ससुराल गए था। घर पर उसकी दो बेटियां ही थीं। आरोप है कि उसी दिन दोपहर में गांव निवासी सहपाठी छात्र अपने हमउम्र दोस्त के साथ उसके घर में घुस आया। वे दोनों किसान की 14 वर्षीय छोटी बेटी को खींचकर गन्ने के खेत में ले गए।
भोजीपुरा थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार एक दोस्त ने किशोरी के हाथ पकड़ लिए और दूसरे ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर बड़ी बहन मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी भाग गए। मंगलवार को माता-पिता घर लौटे तो बड़ी बेटी ने पूरी घटना बताई। किसान ने अपने भाई को आरोपियों के घर भेजा तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद किसान पत्नी के साथ खेत पर काम करने चला गया। दोपहर में छात्रा ने शरीर पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। पता चलने पर घर पहुंचा पिता बेटी को शहर के निजी अस्पताल ले गया। वहां से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय किशोरी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




Add comment