
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में कथित तौर पर छिपाकर लगाए गए खुफिया कैमरे की खबर से बवाल मच गया। मामला एसआर गुडलावलेरु इंजीनियरिंग कॉलेज का है जहां खुफिया कैमरा महिला छात्रावास के वॉशरूम में लगा हुआ मिला। छात्राओं के बवाल के बाद लड़कों के हॉस्टल से एक छात्र विजय को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। वहीं छात्राएं वॉशरूम का इस्तेमाल करने से भी घबरा रही हैं.
गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में कथित तौर पर छिपाकर लगाए गए कैमरे को लेकर छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कल शाम 7 बजे से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन आज भी जारी है। छात्राओं ने कहा कि हम न्याय चाहते हैं, अब उन्हें वॉशरूम में जाने से डर लग रहा है।
दरअसल, हॉस्टल के वॉशरूम में हिडन कैमरा की सूचना एक छात्रा के द्वारा कॉलेज प्रशासन को दी गई थी। जब वह वॉशरूम गई तो उसे कुछ अजीब लगा, इसी दौरान उसने पाया कि यहां पर वीडियो कैप्चर करने के लिए एक कैमरा लगा हुआ था। इस खुलासे के बाद हिडन कैमरे को लेकर परिसर में छात्राओं की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। छात्रों ने निजता के उल्लंघन और उसके बाद वीडियो के प्रसार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि कैमरे से रिकॉर्ड किए गए कुछ फुटेज बॉयज हॉस्टल में शेयर भी हुए हैं। गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम की 300 से अधिक तस्वीरें लीक हुई है। महिला छात्रावास के वॉशरूम की 300 से ज्यादा तस्वीरें किसी ने पकड़े गए छात्र से खरीदी थी। पुलिस ने पकड़े गए छात्र का लैपटॉप भी जब्त कर लिया है। इस घटना से नाराज छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया।




Add comment