Edinbox Hindi

अब यूपी के मेडिकल कॉलेज में दरिंदगी का प्रयास, महिला डॉक्टर को आवास से खींचकर हैवानियत की कोशिश

कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में महिला चिकित्सक के साथ दरिंदगी का मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि इसी बीच उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई मेडिकल कॉलेज के आवासीय क्षेत्र में महिला डॉक्टर से अभद्रता की गई। आरोपी लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित डॉक्टर ने पूरी घटना पर आगरा में अपने बयान दर्ज कराए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के कैंपस के अंदर 19 अगस्त को एक महिला डॉक्टर के कमरे में मेडिकल कॉलेज में तैनात लिपिक ललित कुमार नशे की हालत में हाथ में राखी लेकर पहुंचा और उनका दरवाजा खटखटाया। महिला डॉक्टर का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो आरोपी लिपिक ने उनका हाथ पकड़ कर खींच लिया। 

उन्होंने किसी तरह हाथ छुड़ाकर अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला तूल पकड़ता देख मेडिकल कालेज प्रबंधन ने आरोपी लिपिक को निलंबित कर दिया है। जबकि घटना के बाद से ही महिला डॉक्टर अपने घर आगरा में है। चौकी प्रभारी महिला डॉक्टर का बयान दर्ज करवाने के लिए आगरा गए और बयान दर्ज किया।

कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि महिला डॉक्टर द्वारा शिकायत की गई थी, जिस पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
जांच में अन्य कोई वजह सामने नहीं आई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी का कहना है की घटना पुलिस के संज्ञान में हैं, जांच चल रही है। किसी भी तरह का बयान देना उचित नहीं है।

बहरहाल, मेडिकल कालेज में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई अभद्रता की घटना ने कालेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। आनन फानन में बाबू का निलंबन कर पूरे मामले में पर्दा डालने की कोशिश की गई। लेकिन मामला उजागर होने पर मेडिकल प्रशासन की खूब किरकिरी हो रही है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed