Edinbox Hindi

डीयू के अरबिंदो कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र का आग़ाज़, फर्स्ट ईयर के छात्रों के लिए आयोजित हुआ ओरिएंटेशन प्रोग्राम

दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री अरबिंदो कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2024 -25 के बीए प्रोग्राम, बी कॉम (ऑनर्स), बी कॉम प्रोग्राम व बीएससी प्रोग्राम के फर्स्ट ईयर के छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कॉलेज की ओर से छात्रों का चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर विपिन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्धघाटन किया। इस अवसर पर हिन्दी विभाग के डॉ. हंसराज सुमन, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ.मीनाक्षी गुप्ता, डॉ.आशा किरण,  डॉ. प्रशांत बर्थवाल, डॉ. शिव मंगल कुमार, डॉ. मीनाक्षी गुप्ता, डॉ. पूजा मदान, डॉ. पंकजेन्द्र किशोर, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. कैलासी मीणा, डॉ. अमन कुमार आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम से पूर्व प्रथम वर्ष के छात्रों का वरिष्ठ छात्रों ने चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया। बता दें कि तीसरे साल में दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रवेश सीयूईटी परीक्षा के माध्यम से किया गया है। इस साल प्रथम वर्ष के छात्रों का एडमिशन विश्वविद्यालय प्रशासन ने थोड़ा विलंब से किया है। वर्षा होने के बावजूद ओरिएंटेशन प्रोग्राम में छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। 

छात्रों को अपने संबोधन में कॉलेज प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर विपिन कुमार ने छात्रों को कॉलेज जीवन के महत्व और अरबिंदो कॉलेज की विशेषता एवं उसकी उपलब्धियों से अवगत कराया।  साथ ही छात्रों को उनके दायित्व व भविष्य में बेहतर लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा दी। प्रो. विपिन ने महर्षि अरविन्द के व्यक्तित्व और उनके द्वारा किए गए कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिश्रम का अब भी कोई विकल्प नहीं है और यही मार्ग जीवन में सर्वोत्तम ऊंचाइयों तक ले जाता है। उन्होंने छात्रों को कॉलेज द्वारा किए गए विशेष कार्यो के बारे में भी जानकारी दी। 

इस अवसर पर मीडिया संयोजक व हिन्दी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. हंसराज सुमन ने हिन्दी ऑनर्स प्रथम वर्ष में प्रवेश लिए छात्रों को संबोधित करते हुए विभाग की सभी गतिविधियों से छात्रों का परिचय कराया। उन्होंने छात्रों को कॉलेज में साहित्यिक सभा, भित्ति पत्रिका, संगोष्ठी, रचनात्मक लेखन, वादविवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, नाटक व रंगमंच, पत्र लेखन, चित्रकला तथा सालभर आयोजित होने वाले अन्य अकादमिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को हिन्दी में वैश्विक संभावनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि हिंदी का बाजार फिल्मों से लेकर प्रत्येक प्रतिष्ठानों में बढ़ा है, साथ ही अनेक अवसर भी उत्पन्न किए हैं। उन्होंने हिन्दी में अनुवाद, पत्रकारिता, रेडियो जॉकी, फ़िल्म निर्माण, पटकथा लेखन, सर्जनात्मक लेखन आदि विषयों में बढ़ती संभावनाओं एवं चुनौतियों की चर्चा की। 

डॉ. हंसराज सुमन ने छात्रों को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति अपना भविष्य और कैरियर बनाता है। शिक्षा ही उसे आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने  छात्रों को समझाया कि शिक्षा वह माध्यम है जिसके द्वारा न सिर्फ अपना विकास करती है बल्कि पूरा समाज उससे सुव्यवस्थित होता है। डॉ. सुमन ने बताया कि लगातार चलती आ रही प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव के कारण अनेक छात्रों को विषय चुनाव आदि को लेकर समस्याएं न उत्पन्न हो, इसलिए सभी विभागों में उन्हें समझाने हेतु ओरिएंटेशन प्रोग्राम किए जाते है । 

छात्रों को विभाग व कॉलेज की ओर से टाइम टेबल दे दिया गया और बताया गया कि आपकी कक्षाएं किन-किन कमरों में लगेंगी। इसके अलावा बीए और बी कॉम व सभी ऑनर्स के छात्रों का टाइम टेबल सूचना पट पर लगा दिया गया। प्रथम वर्ष के छात्रों  ने अपने शिक्षकों से मिलकर सिलेबस और पाठ्यक्रम संबंधी जानकारी ली। हिन्दी विभाग के ओरिएंटेशन प्रोग्राम कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी गुप्ता ने किया और विभाग प्रभारी, शिक्षकों और छात्रों का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिव मंगल कुमार व अभिनव प्रकाश ने किया। कार्यक्रम में डॉ.पूजा, डॉ. दीपा, डॉ. अमन कुमार, निर्देश प्रजापति, डॉ. पूजा मदान भी उपस्थित थीं। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed