Edinbox Hindi

कोलकाता डॉक्टर मर्डर केस में अरिजीत सिंह ने गाना जारी कर लगाई न्याय की गुहार, भड़क गई TMC

अब राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायक अरिजीत सिंह कोलकाता में बलात्कार और हत्या की घटना के बाद चल रहे विरोध-प्रदर्शन के समर्थन में आये हैं। उन्होंने यूट्यूब पर अपना नया बंगाली गीत ‘आर कोबे’, जिसका मतलब है ‘इसका समाधान कब निकलेगा’, जारी किया है और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि यह विरोध गीत नहीं, बल्कि कार्रवाई का आह्वान है।

हालांकि इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने बॉलीवुड गायक अरिजीत सिंह पर “चुनिंदा आलोचना” करने का आरोप लगाया है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गायक अरिजीत सिंह पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अरिजीत सिंह ने महाराष्ट्र के बदलापुर के एक स्कूल में रेप की शिकार दो लड़कियों के लिए न्याय की मांग करते हुए ऐसा ही गीत क्यों नहीं जारी किया? कुणाल घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर बंगाली में पोस्ट किया।  

बहरहाल, इस नए बंगाली गाने के जरिए सिंगर अरिजीत सिंह ने कोलकाता रेप और मर्डर केस में न्याय की गुहार लगाई है। गाने में एक हाथ की तस्वीर है और दिवंगत प्रशिक्षु डॉक्टर के लिए न्याय की मांग की गई है। वीडियो के साथ, सिंगर ने एक लंबा नोट लिखा है, ”9 अगस्त 2024 को, कोलकाता के मध्य में, एक त्रासदी ने देश को अंदर तक हिलाकर रख दिया। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक युवा प्रशिक्षु डॉक्टर के नृशंस हत्याकांड ने पूरे भारत में विरोध की आग भड़का दी। यह गीत न्याय के लिए पुकार है, उन अनगिनत महिलाओं के लिए विलाप है जो चुपचाप पीड़ा सहती हैं, और बदलाव की मांग है।”

उन्होंने आगे लिखा, “हम उस युवा डॉक्टर के साहस को श्रद्धांजलि देने की कोशिश करते हैं और हिंसा की भयावहता का सामना करने वाली सभी महिलाओं के साथ एकजुटता में खड़े हैं। हमारा गाना देश भर के डॉक्टरों की आवाज को उठाता है, जो अपने सामने आने वाले खतरों के बावजूद लोगों की सेवा करते हैं।””

गीत के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ”यह केवल एक विरोध गीत नहीं है – यह कार्रवाई का आह्वान है। यह याद दिलाता है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जैसे ही हम गाते हैं, हम अग्रिम पंक्ति के लोगों के अथक प्रयासों को याद करते हैं – हमारे डॉक्टर, हमारे पत्रकार और हमारे छात्र जो न केवल हमारे सम्मान के बल्कि हमारी सुरक्षा के भी पात्र हैं।”

बता दें, इस महीने की शुरुआत में कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक 31 वर्षीय ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। भयावह घटना के बाद, पीड़ित के परिवार के लिए न्याय और राज्य में बेहतर कानून व्यवस्था की स्थिति की मांग को लेकर डॉक्टरों और छात्रों ने कोलकाता में कई जगह विरोध प्रदर्शन किए। मामले के सामने आने के बाद बॉलीवुड स्टार्स का भी गुस्सा फूटा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed