
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मुगल सम्राट अकबर को लेकर एक बार फिर बयान दिया है। बीते रविवार (एक सितंबर) को शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुगल बादशाह अकबर का महिमामंडन करने वाली और उन्हें ‘महान’ बताने वाली किताबों को ‘जला दिया जाएगा’।
दरअसल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के विवेकानंद सभागार में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जब उन्होंने ये टिप्पणी की। मंत्री ने कहा कि अकबर की तुलना महाराणा प्रताप से करना राजपूत योद्धा और राजस्थान के गौरव का अपमान है।
मदन दिलावर ने महाराणा प्रताप को ‘लोगों का रक्षक’ बताया, जिन्होंने कभी आक्रांताओं के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। वहीं, उन्होंने कहा, “अकबर ने अपने फायदे के लिए कई लोगों को मरवाया।” मदन दिलावर ने कहा, “अकबर की तुलना महाराणा प्रताप से करना और अकबर को महान बताना, ये मूर्खता थी। उन लोगों से बड़ा राजस्थान का कोई दुश्मन नहीं होगा, जो अपनी किताबों में अकबर की तारीफें करते हैं और उन्हें महान बताते हैं।”
मंत्री ने आगे कहा, “अकबर और महाराणा प्रताप के बीच तुलना करना मेवाड़, राजस्थान, भामाशाह और आन बान शान के प्रतीक महाराणा प्रताप का अपमान है।” दिलावर ने कहा, “हमने सब किताबें देख ली हैं। हमें अब तक (अकबर का महान के रूप में उल्लेख) नहीं मिला है। अगर कुछ होगा तो उन किताबों को जला देंगे।”
मंत्री ने आगे कहा, “महाराणा प्रताप मेवाड़ के महान राजपूत राजा थे जो मुगल साम्राज्य के खिलाफ बहादुरी और प्रतिरोध के लिए प्रसिद्ध रहे। भविष्य में किसी को भी मुगल बादशाह अकबर की तारीफ एक महान व्यक्तित्व के रूप में करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।”




Add comment