
तमिलनाडु सरकार ने राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब्स बनाने के लिए गूगल के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग यानी MoU साइन किया है। इन लैब्स को राज्य सरकार की इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी ‘गाइडेंस’ में बनाया जाएगा।
इंडस्ट्रीज मिनिस्टर टी.आर.बी. राजा ने कहा कि इन लैब्स का उद्देश्य 20 लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में स्किल यानी कौशल प्रदान करना है। तमिलनाडु के चीफ मिनिस्टर एमके स्टालिन ने गूगल के हेडक्वार्टर विजिट के दौरान समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। चीफ मिनिस्टर वर्तमान में अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
स्टालिन की इस विजिट का उद्देश्य राज्य के इकोनॉमिक डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए सपोर्ट हासिल करना और निवेश आकर्षित करना है। टीआरबी राजा ने कहा कि स्टालिन की अमेरिका यात्रा के साथ, तमिलनाडु टेक के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है।
टीआरबी राजा ने कहा, ‘इस पार्टनरशिप के साथ हमारा टारगेट अपस्किलिंग प्लेटफॉर्म ‘नान मुधलवन’ के जरिए 2 मिलियन युवाओं को AI में कुशल बनाना, स्टार्टअप्स के साथ सहयोग करना और MSME और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सक्षम बनाना है। हम चाहते हैं कि हमारे युवा फ्यूचर-रेडी वर्कफोर्स बनें।’
स्टालिन ने सैन फ्रांसिस्को में एपल और माइक्रोसॉफ्ट के ऑफिसों का भी दौरा किया और इन टेक कंपनियों के साथ विभिन्न अवसरों और रोमांचक साझेदारियों पर चर्चा की। CM स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर कहा, ‘एपल, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के ऑफिसों की विजिट इंस्पायरिंग रही। विभिन्न अवसरों और रोमांचक साझेदारियों पर चर्चा की। इन साझेदारियों को मजबूत करने और तमिलनाडु को एशिया के लीडिंग ग्रोथ इंजन में से एक बनाने के लिए दृढ़ संकल्प हैं।’
तमिलनाडु सरकार ने CM स्टालिन की अमेरिका यात्रा के दौरान नोकिया, पेपाल, माइक्रोचिप और यील्ड इंजीनियरिंग सिस्टम समेत कई निवेशकों के साथ MOU साइन किए। इन MOUs पर राज्य सरकार की इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी ‘गाइडेंस’ ने CM और इंडस्ट्रीज मिनिस्टर राजा की उपस्थिति में साइन किए हैं।




Add comment