Edinbox Hindi

DU और सेंट स्टीफंस कॉलेज के बीच विवाद गहराया, ईसाई छात्रों के लिए तय सीट से ज्यादा भरने पर बवाल 

दिल्ली विश्वविद्यालय और सेंट स्टीफंस कॉलेज के बीच आरक्षित सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर चल रहा विवाद और गहरा गया है। सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर मंगलवार को दाखिला लेने वाले ईसाई छात्रों की चयन सूची अपलोड कर दी। इसके बावजूद कि इसके एक दिन पहले ही दिल्ली विश्वविद्यालय ने सेंट स्टीफंस कॉलेज पर ईसाई उम्मीदवारों के लिए तय सीटों से अधिक सीटें भरने और कुछ BA पाठ्यक्रमों में CUET स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों के मानदंड पूरे होने के बावजूद सीटें खाली छोड़ने का आरोप लगाया था। वहीं सेंट स्टीफंस कॉलेज ने डीयू पर पोर्टल की देरी का आरोप लगाया है और इसकी वजह से छात्रों की कक्षाएं छूटने की बात कही है। 

बता दें कि सेंट स्टीफंस कॉलेज द्वारा भेजी गई सूची की शुरूआती जांच के बाद, दिल्ली विश्वविद्यालय ने इसमें कुछ “महत्वपूर्ण और चिंताजनक” पहलू पाए थे, जिनकी वजह से वह आवंटन प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने यह जानकारी ईसाई अल्पसंख्यक कॉलेजों में ईसाई उम्मीदवारों के लिए सीट आवंटन के बारे में जारी एक सार्वजनिक नोटिस में दी थी। 

नोटिस में, दिल्ली विश्वविद्यालय ने कहा था कि बीएससी (H) रसायन विज्ञान और बीएससी (H) भौतिकी जैसे कुछ लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में, सीयूईटी-योग्य उम्मीदवारों के  बावजूद सीटें खाली छोड़ दी गई हैं। सेंट स्टीफंस कॉलेज के प्रिंसिपल जॉन वर्गीस की ओर से इन आरोपों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया तो नहीं दी गयी थी। हालांकि, 30 अगस्त को कॉलेज की वेबसाइट पर जारी एक नोटिस में वर्गीस ने दावा किया कि डीयू ने ईसाई अल्पसंख्यक छात्रों के लिए अपना प्रवेश पोर्टल- कॉमन सीट अलॉटमेंट सिस्टम (CSS) नहीं खोला, जिससे वे 29 अगस्त से शुरू होने वाली कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाए। 

सेंट स्टीफंस ने चेतावनी दी थी कि अगर विश्वविद्यालय 31 अगस्त को शाम 5 बजे तक पोर्टल नहीं खोलता है, तो कॉलेज यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कानूनी उपाय करेगा कि इन छात्रों का भविष्य और “खतरे में” न पड़े। डीयू द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, कॉलेज ने 28 अगस्त को प्रवेश के लिए चुने गए उम्मीदवारों की कार्यक्रमवार सूची विश्वविद्यालय को भेजी थी। 

डीयू ने कहा कि वह कॉलेज द्वारा भेजी गई नवीनतम सूचियों पर आगे वेरिफिकेशन कर रहे हैं। हालांकि, 30 अगस्त को कॉलेज के नोटिस में प्रिंसिपल ने कहा, “24 अगस्त को विश्वविद्यालय को चयनित उम्मीदवारों की सूची उपलब्ध कराने के बावजूद, तीन दिन की चुप्पी के बाद, विश्वविद्यालय ने 27 अगस्त की दोपहर को जवाब दिया जिसमें सभी ईसाई अल्पसंख्यक उम्मीदवारों की श्रेणियों, सीयूईटी और साक्षात्कार के अंकों से संबंधित और अधिक जानकारी मांगी गई। वर्गीस ने कहा कि कॉलेज ने 28 अगस्त को सुबह 12.20 बजे सभी आवश्यक विवरण उपलब्ध कराए और अनुरोध किया कि चयनित उम्मीदवारों के नाम समय पर सीएसएएस पोर्टल पर अपलोड किए जाएं ताकि वे अपनी फीस का भुगतान कर सकें और 29 अगस्त से नियमित कक्षाओं में शामिल हो सकें। 

सेंट स्टीफंस कॉलेज ने कहा कि, ”न तो अपडेट की गई जानकारी वाले ईमेल के लिए विश्वविद्यालय की ओर से कोई स्वीकृति दी गई और न ही कॉलेज के अनुस्मारक या स्थिति अपडेट के अनुरोधों पर विश्वविद्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया दी गई। इन चयनित छात्रों की दो दिन की कक्षाएं पहले ही बर्बाद हो चुकी हैं।”

सोमवार को जारी डीयू के सार्वजनिक नोटिस में उन ईसाई उम्मीदवारों के आवंटन की भी घोषणा की गई जिन्हें एक अन्य अल्पसंख्यक संस्थान जीसस एंड मैरी कॉलेज द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया था। उम्मीदवारों को आवंटन स्वीकार करने के लिए 4 सितंबर शाम 4.59 बजे तक का समय दिया गया है। कॉलेज 5 सितंबर को शाम 4:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदनों को सत्यापित और स्वीकृत करेंगे, ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 सितंबर को शाम 4:59 बजे है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed