
झारखंड सरकार अब सिपाही भर्ती के नियम बदलने जा रही है। भर्ती के लिए 5 से 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर या 5 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करने का मानक तय करने जा रही है। यानी अब अभ्यर्थियों को 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी नहीं करनी होगी। झारखंड पुलिस के एक डीआईजी रैंक के अधिकारी ने बताया कि सरकार को इन दोनों विकल्पों के बारे में बताया गया है।
गौरतलब है कि झारखंड के आबकारी (उत्पाद) विभाग में सिपाही के 583 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिटनेस टेस्ट) के तहत दौड़ के दौरान 12 अभ्यर्थियों की जान चली गई थी। करीब 400 अन्य उम्मीदवार दौड़ के बीच बेहोश होकर गिर पड़े। जिन प्रतिभागियों की जान गई है, उनमें अधिकतर 25 वर्ष से कम उम्र के युवा थे। प्रारंभिक तौर पर दौड़ के क्रम में सांस फूलने और हार्ट अटैक के कारण मौत की बात सामने आ रही है। इस घटना के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सीएम हेमंत सोरेन ने 3 से 5 सितंबर तक के लिए रोक लगा दी थी। दरअसल, अभ्यर्थियों को 60 मिनट में 10 किलोमीटर तक दौड़ना होता है। ऐसे में अब झारखंड सरकार दौड़ की इस प्रक्रिया में बदलाव करने जा रही है। पुलिस विभाग अब दूरी और समय दोनों कम करने जा रही है। सरकार के समक्ष पुलिस विभाग ने दो विकल्प रखे हैं। 5 से 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर या 5 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में।
गौरतलब है कि झारखंड में चल रही सिपाही भर्ती की प्रक्रिया करीब 80 फीसदी पूरी हो चुकी है। इस दौरान 12 अभ्यर्थियों की मौत के बाद देशभर में दौड़ के मानकों पर चर्चा हो रही है। इसमें जरूरी बदलाव की बात की जा रही है। हालांकि सिपाही भर्ती की बची हुई 20 फीसदी प्रक्रिया पुराने मानकों पर ही होगी। नियमों में जो बदलाव किए जाएंगे वह आगामी भर्तियों पर लागू होंगे। नियुक्ति नियमावली के अनुसार, शारीरिक परीक्षण के दौरान एक घंटे में महिलाओं को पांच और पुरुषों को 10 किलोमीटर की दौड़ लगानी होती है। झारखंड संभवत: अकेला ऐसा राज्य है, जहां अभ्यर्थियों के लिए इतनी लंबी दौड़ का प्रावधान है। बड़ी संख्या में हुई मौत से नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
ऐसे में पुलिस विभाग ने झारखंड सरकार को दो विकल्प दिए हैं। इनमें से किसी एक को लागू किया जाएगा। भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए पुरुषों को 5.45 मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ना होता है, वहीं महिलाओं को इसके लिए साढ़े सात मिनट का समय मिलता है। अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ 24 मिनट में पूरी करनी होती है जबकि यहाँ भी महिलाओं के लिए मानक अलग हैं। उन्हें साढ़े आठ मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ना होता है।




Add comment