Edinbox Hindi

‘आरजी कर की घटना में संदीप घोष ही मुख्य साजिशकर्ता’

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शुक्रवार को सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के कई ठिकानों पर छापेमारी की। अब इसे लेकर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा है कि ‘आरजी कर मामले में संदीप घोष को लेकर जिस तरह की जानकारी सामने आ रही है उससे पता चलता है कि वह लंबे समय से रैकेट में शामिल था। जैसे जैसे जांच आगे बढ़ेगी तो और भी नाम सामने आएंगे। संदीप घोष ही आरजी कर के भ्रष्टाचार और हिंसा के मामले में मुख्य साजिशकर्ता है।’

गौरतलब है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में वित्तीय अनियमितता के मामले में पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लग चुका है, जब सुप्रीम कोर्ट ने संदीप घोष की याचिका खारिज कर दी। संदीप घोष ने आरजी कर भ्रष्टाचार मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि उन्हें पक्षकार बनने का अधिकार नहीं है। मेडिकल कॉलेज में वित्तीय अनियमितता के मामले में ईडी ने बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक आलीशान बंगले का पता लगाया है। यह दो मंजिला बंगला डॉ. संदीप घोष और उनकी पत्नी संगीता घोष के नाम पर है। 

आरजी कर मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल रहने के दौरान संदीप घोष पर वित्तीय गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे। ये आरोप आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व उपाधीक्षक अख्तर अली ने लगाए थे। अख्तर अली ने अपनी शिकायत में संदीप घोष पर अस्पताल में लावारिस शवों की तस्करी, बायो-मेडिकल कचरे के निपटान में भ्रष्टाचार, निर्माण निविदाओं में भाई-भतीजावाद करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन्हीं आरोपों की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बीते माह डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में भी संदीप घोष की भूमिका संदेह के घेरे में है।  

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed