
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद फिलहाल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में गतिरोध खत्म होता नज़र नहीं आ रहा। गौरतलब है कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जूनियर डॉक्टरों से काम पर वापस लौटने की बात कही थी, लेकिन डॉक्टरों ने काम पर लौटने से साफ इनकार कर दिया है।
हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारी चिकित्सकों ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक (डीएचई) के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने मंगलवार दोपहर सॉल्ट लेक स्थित स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय तक एक रैली निकालने का एलान भी किया है। शासी निकाय की एक बैठक के बाद एक प्रदर्शनकारी चिकित्सक ने कहा, हमारी मांगें पूरी नहीं हुई हैं और मृतका को न्याय नहीं मिला है। हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे और काम पर नहीं लौटेंगे। हम चाहते हैं कि स्वास्थ्य सचिव और डीएचई इस्तीफा दें। गौरतलब है कि जूनियर डॉक्टर पिछले करीब एक महीने से काम पर नहीं लौटे हैं।
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने डॉक्टरों को काम पर तत्काल लौटने का निर्देश देते हुए सोमवार को कहा था कि विरोध प्रदर्शन कर्तव्य की कीमत पर नहीं किया जा सकता। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने प्रदर्शनकारी चिकित्सकों को मंगलवार यानी आज शाम पांच बजे तक काम पर लौटने का निर्देश दिया था और उन्हें आश्वासन दिया था कि अगर वे काम पर लौटते हैं, तो उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, सोमवार देर शाम ही डॉक्टरों ने काम पर लौटने से साफ इनकार कर दिया।




Add comment