
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के सरकारी अस्पताल में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में राज्य में अभी भी प्रदर्शन जारी है। इस बीच आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक ई-मेल भेजकर पिछले महीने यहां सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक चिकित्सक के साथ बलात्कार और उसकी हत्या की घटना के बाद उत्पन्न गतिरोध पर चर्चा के लिए समय मांगा है। अपने मेल में चिकित्सकों ने कहा कि वे ‘‘किसी भी समय और कहीं भी’’ बैठक के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि पूरी चर्चा का सीधा प्रसारण किया जाए।
इससे पहले सीएम ममता बनर्जी ने गतिरोध सुलझाने के लिए आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों को राज्य सचिवालय में बैठक के लिए बुलाया था। इस पर डॉक्टरों ने कहा था कि बंगाल के जिस स्वास्थ्य सचिव का हम इस्तीफा चाहते हैं, बैठक के लिए उनका मेल करना अपमानजनक है। राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक के लिए प्रतिनिधियों की संख्या को 10 तक सीमित करना भी उन्होंने अपने लिए अपमानजनक बताया था। इस पर बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बताया था कि मुख्यमंत्री प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल के बैठक में आने का अपने कमरे में इंतजार करती रहीं, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
बहरहाल, अब प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चिट्ठी लिखकर राज्य में जारी गतिरोध को रोकने के लिए सीएम के साथ बैठक की इच्छा जाहिर की है।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर 22 घंटे से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारी डॉक्टर मांग कर रहे हैं कि कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, राज्य के स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य शिक्षा निदेशक (डीएचई) और स्वास्थ्य सेवा निदेशक (डीएचएस) को उनके पदों से हटाया जाए।




Add comment