Edinbox Hindi

लेट फीस के साथ 20 सितंबर तक यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे छात्र

यूपी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को बड़ी राहत देते हुए योगी सरकार ने आवेदन तिथि को संशोधित कर दिया है। अब यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में बैठने के लिए अभ्यर्थी 20 सितंबर तक विलंब शुल्क 100 रुपए के साथ अपना आवेदन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 10 और 12 की परीक्षा के लिए संस्थागत और व्यक्तिगत छात्रों के आवेदन की तिथियों में संशोधन की घोषणा की है। परिषद द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे छात्रों के परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन अपलोड करने की सभी प्रक्रियाओं को समय से पूरा करें। 

बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, 31 अगस्त, 2024 के बाद सभी संस्थागत और व्यक्तिगत छात्रों को 20 सितंबर, 2024 तक प्रति छात्र ₹100 के विलम्ब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा। वहीं विलम्ब शुल्क के साथ जमा परीक्षा शुल्क की सूचना तथा छात्र/छात्राओं के शैक्षिक विवरण 25 सितंबर, 2024 (दोपहर 12:00 बजे तक) वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने होंगे। इसी तरह, 26 सितंबर तक स्कूलों द्वारा छात्रों के विवरण का सत्यापन किया जाएगा, जबकि  01 अक्टूबर, 2024 (दोपहर 12:00 बजे तक) तक प्रधानाचार्य द्वारा ऑनलाइन सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वहीं, 10 अक्टूबर, 2024 तक अंतिम सूची अपलोड की जाएगी।

यूपी बोर्ड द्वारा सभी संबंधित स्कूलों और छात्रों को निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए कहा गया है। अधिक जानकारी के लिए स्कूलों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed