
आईआईटी बॉम्बे इस साल भी जेईई एडवांस्ड टॉपरों की पहली पसंद रहा है। जेईई एडवांस्ड के पहली 100 रैंक पाने वाले छात्रों में से 72 ने आईआईटी बॉम्बे को पंसद किया है। वहीं, आईआईटी बॉम्बे के बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग कोर्स का जलवा बना हुआ है। जेईई एडवांस्ड के सभी 10 ऑल इंडिया टॉपरों ने आईआईटी बॉम्बे पवई कैंपस में बीटेक इन कंप्यूटर साइंस कोर्स में दाखिला लिया है। टॉप 25 रैंकर्स में से 24 स्टूडेंट्स ने और टॉप 50 में से 47 स्टूडेंट्स ने आईआईटी बॉम्बे पवई कैंपस को चुना है।
आंकड़ों के अनुसार जेईई एडवांस 2024 में शीर्ष 1,000 ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) पाने वालों में से कुल 246 छात्रों ने सीट आवंटन के अंतिम दौर के बाद आईआईटी बॉम्बे को चुना। 246 छात्रों में से 29 लड़कियां हैं, बाकी शेष 217 लड़के हैं। आईआईटी बॉम्बे की ओर जारी आंकड़ों के मुताबिक जेईई एडवांस्ड के टॉप 500 रैंकर्स में से 179 ने आईआईटी-बी को चुना। पिछले साल टॉप 100 रैंकर्स में से 69 को आईआईटी बी में सीट मिली थी, हालांकि बीटेक इन कंप्यूटर साइंस कोर्स टॉप 100 में 93 छात्रों की पहली पसंद था।
हर आईआईटी कैंपस में टॉप 100 छात्रों को काफी अहम माना जाता है। करीब 30 साल पहले आईआईटी-खड़गपुर इंजीनियरिंग का मक्का था। देश की सबसे पुरानी आईआईटी खड़गपुर में इस साल टॉप 100 में से एक भी छात्र नहीं आया। उसके पहले 2004 में टॉप 100 में से सिर्फ तीन ही वहां गए थे।
इस बार जेईई एडवांस्ड में आईआईटी दिल्ली जोन के वेद लाहोटी ने 360 में से 355 अंक लाकर ऑल इंडिया टॉप किया था। वहीं लड़कियों में आईआईटी बॉम्बे जोन की द्विजा धर्मेशकुमार पटेल 332 अंक लाकर टॉप किया था। द्विजा की ऑल इंडिया रैंक 7 रही थी। इस वर्ष जेईई एडवांस्ड पेपर 1 और 2 दोनों के लिए उपस्थित हुए 180,200 उम्मीदवारों में से कुल 48,248 उम्मीदवार पास हुए थे। इसमें 7,964 लड़कियां शामिल थीं।




Add comment