
बिहार की राजधानी पटना में आंध्र प्रदेश की रहने वाली छात्रा के द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या करने का एक मामला सामने आने के बाद कैंपस में तनाव बढ़ गया है। मौत को गले लगाने वाली छात्रा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। बिहटा थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित निर्माणाधीन एनआईटी (राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान) परिसर में हुयी घटना के बारे में पुलिस ने कहा कि छात्रा शुक्रवार रात अपने छात्रावास में लटकी हुई मिली थी। इस मामले में छात्रों में काफी आक्रोश दिख रहा है और छात्र पुलिस के घटनास्थल पर देर से पहुंचने पर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
पल्लवी के दोस्तों का कहना है कि वो पूरे दिन खुश थी, ऐसे में उसने आत्महत्या क्यों की ये एक बड़ा सवाल बना हुआ है। छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भी लामबंद होकर धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि इस पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। आक्रोशित बिहटा और पटना एनआइटी कैंपस के छात्र सड़क पर उतर गए और हंगामा कर रहे हैं। हाथ में तख्ती लेकर छात्र एनआईटी गेट पर बैठ गए और नारेबाजी की। छात्रों के हंगामा को देखते हुए एनआइटी कैंपस बिहटा बंद कर दिया गया है। छात्रा की आत्महत्या के बाद बाहरी लोगों का प्रवेश बंद है।
बताया जाता है कि एनआइटी में द्वितीय वर्ष की छात्रा पल्लवी रेड्डी आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद के आनंदपुरा की रहने वाली थी। लगभग दो महीने पहले उसे बिहटा स्थित निर्माणाधीन परिसर के छात्रावास में शिफ्ट किया गया था। वहां पल्लवी के अलावा करीब दो सौ छात्राएं रह रही थीं।




Add comment