Edinbox Hindi

कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस की जांच में खामियों के खिलाफ BJP का प्रदर्शन, पुलिस थानों में ‘सफाई’ की

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर रेप-मर्डर केस में भाजपा का आंदोलन जारी है। भाजपा की महिला शाखा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डॉक्टर बलात्कार और हत्या की जांच में कथित खामियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के प्रतीक के दौर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न पुलिस थानों में ‘सफाई’ की।

भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल और लॉकेट चटर्जी सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि, पुलिसकर्मियों के कथित गलत कार्यों में संलिप्त पाए जाने के बाद पुलिस थानों की ‘पवित्रता’ खत्म हो गई है। उन्होंने पुलिस थानों के सामने गंगा नदी का पवित्र जल छिड़ककर, झाड़ू लगाई और गाय के गोबर का लेप कर विरोध प्रदर्शन किया। अग्निमित्रा पॉल ने कहा, आज हम पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थानों में जा रहे हैं… क्योंकि यहां की पुलिस और पुलिस स्टेशन का शुद्धिकरण होना चाहिए क्योंकि पुलिस रक्षा करने के लिए होती है लेकिन पुलिस रक्षा नहीं कर रही है… इस पूरे मामले में षडयंत्रकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। हमारी मांग है कि ममता बनर्जी और विनीत गोयल को हिरासत में लिया जाए।

वहीं लॉकेट चटर्जी  ने नॉर्थ कोलकाता के मानिकतला स्थित डीसी नॉर्थ ऑफिस के सामने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए और गंगा जल छिड़ककर झाड़ू लगाई। भाजपा नेता ने कहा कि जब डॉक्टर के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया गया और एफआईआर तथा पोस्टमार्टम के तथ्यों में गड़बड़ी की गई, तब पुलिस बल कहां था? 

बता दें कि, आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 9 अगस्त को एक डॉक्टर के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया था बाद में उसकी बेहरमी से हत्या कर दी गई थी। इस मामले की सीबीआई जांच कर रही है। कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों को केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में गिरफ्तार किया है।
 
भाजपा सहित अन्य विपक्षी दल आरोप लगाते रहे हैं कि सीबीआई द्वारा मामले की जांच किए जाने से पहले पुलिस ने इस मामले की जांच में गंभीर चूकें की हैं जिससे कई अहम सबूत नष्ट हो गए। वहीं बीजेपी ने पश्चिम बंगाल अलग-अलग जिलों में मशाल जुलूस निकालकर सीएम ममता बनर्जी से इस्तीफा मांगा। उन्होंने राज्य सरकार पर मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed