Edinbox Hindi

परिषदीय विद्यालयों के छात्रों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित कर रही यूपी सरकार

छोटे बच्चे स्वभावतः जिज्ञासु होते हैं और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हालांकि, अपने सीमित ज्ञान के कारण वे अपनी जिज्ञासाओं का पूरी तरह समाधान करने में अक्सर असफल रहते हैं। ऐसे में उन्हें मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार ने परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए ‘जिज्ञासा आधारित शिक्षा’ को प्रोत्साहित करने की पहल की है। 

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत इन कक्षाओं के छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, प्रयोग के विविध अवसर प्रदान करने और विज्ञान की प्रक्रियाओं व विधियों की सम्यक् समझ विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सितम्बर माह में चल रहे अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से छात्रों का चयन किया जा रहा है। चयनित छात्रों को विकास खंड और जनपद स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

होनहार छात्रों के चयन के लिए क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में तर्कशीलता, टीम वर्क, प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास को बढ़ावा देने और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। सितम्बर माह के तीसरे शनिवार को आयोजित विद्यालय स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रत्येक उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय के छात्रों को भाग लेने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन चयनित छात्रों की सूची विकास खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है।

विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्रों की परीक्षा सितम्बर माह के चौथे शनिवार को ब्लॉक स्तर पर आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से चयनित तीन छात्रों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। दो चरणों में होने वाली इस प्रतियोगिता के पहले चरण में विकास खंड के सभी परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों से चयनित 3-3 छात्र शामिल होंगे। 25 बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) की परीक्षा में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 25 छात्रों को अंतिम चरण के लिए चुना जाएगा। इन 25 छात्रों को 5-5 के समूहों में विभाजित किया जाएगा और वे विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। अंतिम चरण में विजेता टीम को जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed