Edinbox Hindi

बदलापुर में छात्राओं के यौन शोषण का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, पीड़ितों के वकील ने कहा- यह न्याय की हत्या

महाराष्ट्र के बदलापुर में अगस्त महीने में हुए दुष्कर्म का आरोपी अक्षय शिंदे पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। अक्षय पर दो नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का आरोप था। दरअसल, पुलिस शिंदे को सोमवार शाम करीब 6:15 बजे तलोजा जेल से रिमांड पर लेकर पुलिस की गाड़ी में बदलापुर जा रही थी। तभी उसने कथित तौर पर वाहन में मौजूद एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और दो से तीन राउंड फायरिंग की। इसमें एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में कलवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अक्षय शिंदे ने दम तोड़ दिया। इस घटना को पीड़िताओं के वकील आसिम सरोडे ने ‘न्याय की हत्या’ करार दिया। 

सरोडे ने कहा, इन दो नाबालिग लड़कियों का प्रतिनिधित्व करते समय मैंने देखा ठाणे जिले की स्थानीय राजनीति और उस शैक्षणिक संस्थान के लिए भी असहज हो रहा था, जहां अक्षय शिंदे काम कर रहा था। शिंदे की इस तरह मौत न्याय की हत्या है। 

उन्होंने आगे कहा, अब दो लड़कियों के यौन उत्पीड़न का यह मामला दरकिनार हो जाएगा। सरोडे ने कहा कि इस तरह की प्रथा से पुलिस और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में लोगों को भरोसा कम होगा। सरोडे ने कहा कि वे फायरिंग की घटना की जांच के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि शिंदे ने कैसे बंदूक तक पहुंच बनाई और उसे कैसे खुला छोड़ा गया, उसके हाथ तो बंधे थे। उन्होंने इसे राजनीतिक हत्या बताते हुए कहा कि यह बिल्कुल गलत है।

वहीं विपक्षी नेताओं ने भी इस मुठभेड़ पर आश्चर्य व्यक्त किया है और घटना की विस्तृत जांच की मांग की है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने आश्चर्य जताया कि क्या यह मुठभेड़ स्कूल के ट्रस्टियों को बचाने के लिए की गई थी जिन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया कि मुठभेड़ कुछ अन्य लोगों को बचाने के लिए की गई थी। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यह चौंकाने वाला है। इस घटना की न्यायिक जांच होनी चाहिए। 

बता दें कि बदलापुर में 14 अगस्त को 23 वर्षीय सफाईकर्मी अक्षय शिंदे द्वारा स्कूल के टॉयलेट में दो बच्चियों के साथ बदसलूकी का मामला प्रकाश में आया था। पुलिस ने 17 अगस्त की सुबह पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की थीई। मामला सामने आने के बाद बदलापुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed