Edinbox Hindi

बंगाल में परीक्षा देने गए बिहार के छात्रों की पिटाई, ममता बनर्जी पर बरसे गिरिराज सिंह और चिराग पासवान

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) की परीक्षा देने गए बिहार के दो छात्रों की ‘पुलिसकर्मी’ होने का दावा करने वाले कुछ लोगों के एक समूह द्वारा पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद इसे लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। बंगाल की ममता बनर्जी सरकार अब इस मामले में विरोधी दलों के निशाने पर आ गई है। बिहार के नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और चिराग पासवान ने इस मामले में ममता बनर्जी सरकार को घेरा है। 

दोनों ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। गिरिराज ने सवाल किया कि क्या ममता सरकार इन बच्चों को हिंदुस्तान का अंग नहीं मानती? जबकि चिराग पासवान ने ममता से पूछा कि क्या बंगाल में बिहार के छात्रों का परीक्षा देने जाना भी गुनाह है? दोनों नेताओं ने अपने एक्स हैंडल से इस वायरल वीडियो को शेयर भी किया है।  

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ परीक्षार्थी एक कमरे में सो रहे हैं। उसी दौरान कुछ लोग उनके कमरे में पहुंचते हैं। ये लोग बंगला भाषा में छात्रों से सवाल पूछते हैं। एक छात्र बताता है कि वह बिहार से है। यह सुनते ही बंगला भाषा में बात कर रहे लोग भड़क जाते हैं। वो कहते हैं- तुम बिहार से है, तो बंगाल में परीक्षा देने क्यों आया (तुम बिहार से हो, तो बंगाल में परीक्षा देने क्यों आए।) इस दौरान ये लोग बिहार के छात्रों से उनके कागजात मांगते हैं। मना करने पर उनकी पिटाई करने लगते हैं। वे लोग बिहार के छात्रों को जेल भेजने की भी धमकी देते हैं। आखिर में छात्रों से उठक-बैठक करवाकर उन्हें जल्द से जल्द बिहार लौटने की धमकी देते हैं। 

वीडियो शेयर करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, बंगाल में रोहिंग्या मुसलमान के लिए रेड कारपेट बिछाया जाता है और परीक्षा देने गए बिहार के बच्चे के साथ मारपीट हो रही है? क्या ये बच्चे हिंदुस्तान के अंग नहीं हैं? क्या ममता सरकार ने सिर्फ रेपिस्टों को बचाने का ठेका ले रखा है? गिरिराज सिंह ने कहा, बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार है। वहां अपने ही देश के बच्चे, बिहार के बच्चे अगर परीक्षा देने जा रहे हैं तो उनके साथ गुंडई कर रहे हैं, मारपीट कर रहे हैं, भगा रहे हैं। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी इस वीडियो को देखकर बताएं कि बंगाल राष्ट्र है या भारत का एक अंग है।

इस वायरल वीडियो को केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान ने भी पोस्ट किया है। चिराग पासवान ने लिखा, पश्चिम बंगाल में बिहारी छात्रों से बर्बरतापूर्ण मारपीट की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। वहां की मुख्यमंत्री ने फिर एक बार बिहारियों का अपमान किया है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मैं ममता बनर्जी से पूछना चाहता हूं कि क्या पश्चिम बंगाल में परीक्षा देना भी गुनाह है? क्या अब भी विपक्षी दल के नेता चुप्पी साधे रहेंगे? मैं पूछना चाहता हूं बिहार के नेता प्रतिपक्ष से कि अब आप किस हक से तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करेंगे।

बता दें कि सोशल मीडिया पर दो युवाओं की पिटाई का यह वीडियो 26 सितंबर को वायरल हुआ था। वीडियो कथित तौर पर सिलीगुड़ी का बताया गया, जिसमें स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) का फिजिकल एग्जाम देने गए बिहार के दो युवाओं से माफी मांगने और उठक-बैठक करने के लिए कहा जा रहा है। हमलावरों ने एक युवा के पास फर्जी निवास प्रमाण पत्र होने का दावा करते हुए दीवार पर फेंक दिया। 

बहरहाल, जब मामला सामने आया तो बंगाल पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि वीडियो में दिख रहे एक व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। छात्रों की पिटाई करने वाले शख्स की पहचान रजत भट्टाचार्य के तौर पर हुई है। आरोपी बांग्ला पक्खो नामक कट्टरपंथी संगठन का सदस्य है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed