
यूपी के हाथरस में रसगवां के स्कूल डीएल पब्लिक स्कूल की तरक्की के लिए कक्षा दो के 11 साल के छात्र कृतार्थ की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, स्कूल के मालिक के पिता ने इस वारदात को अंजाम दिया। मैनेजर का पिता तांत्रिक है। उसका मानना था कि बच्चे की बलि देने से स्कूल की तरक्की होगी।
हत्या के बाद आरोपी शव को कार में डालकर ठिकाने लगाने जा रहा था। इसी दौरान बच्चे के घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। साथ ही मैनेजर समेत 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। वारदात 23 सितंबर की है। पुलिस ने इसका खुलासा 26 सितंबर को किया। मामला सहपऊ थाना क्षेत्र का है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कृतार्थ की हत्या गला दबाकर की गई है। उसके गले पर चोट के निशान थे। बच्चे के पिता ने मैनेजर दिनेश बघेल सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें चार अज्ञात थे। अब पुलिस ने इस मामले में मैनेजर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कृतार्थ की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए हुई थी। स्कूल प्रबंधक का पिता तांत्रिक है। उसने अपने प्रबंधक बेटे को बताया था कि बलि देने से न केवल स्कूल तरक्की करेगा बल्कि उनके परिवार पर भी कोई मुसीबत नहीं आएगी। एएसपी अशोक कुमार के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब हॉस्टल में सभी बच्चे सो गए तो स्कूल का शिक्षक राम प्रकाश सोलंकी रात को 12 बजे कृतार्थ के पास पहुंचा और सोते हुए उसे गोद में उठाकर बाहर आ गया।
इसी दौरान कृतार्थ की आंख खुल गई। वह रोने लगा। इस पर शिक्षक रामप्रकाश ने बच्चे के मुंह को दबा दिया और नीचे ले आए। इसी दौरान नीचे प्रधानाचार्य कक्ष के बाहर बिछे हुए तख्त पर लिटाकर गला दबा दिया, जिससे बच्चे की मौत हो गई।




Add comment