
यूपीपीएससी आरओ/एआरओ पेपर लीक मामले में यूपी पुलिस की स्पेशल टास्ट फोर्स (यूपी एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रिव्यू ऑफिसर और असिस्टेंट रिव्यू ऑफिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में कथित भूमिका पर प्रयागराज के नामी कॉलेज बिशप जॉनसन गर्ल्स कॉलेज की पूर्व महिला प्रिंसिपल पारुल सोलेमन को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके पास दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
बता दें कि 11 फरवरी को आयोजित हुई यूपी आरओ/एआरओ भर्ती परीक्षा का पेपर प्रयागराज के बिशप जॉनसन गर्ल्स स्कूल एंड कॉलेज से लीक हुआ था। घटना के कुछ महीने बाद मैनेजमेंट ने उन्हें जबरन हटाकर शर्ली मसीह को प्रिंसिपल बनाया था। पारुल पर पेपर लीक की घटना में शामिल होने का आरोप है। हालांकि एसटीएफ द्वारा पूर्व प्रिंसिपल को गिरफ्तार करने के पीछे का कारण जांच में सहयोग नहीं करना बताया गया है।
पूर्व प्रिसिंपल पारुल ने 04 अभियुक्तों के साथ अर्पित विनीत यशवंत की नियुक्ति की थी, जिनका काम परीक्षा से जुड़े काम देखना था। विनीत यशवंत को पहले ही पेपर लीक केस में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब एसटीएफ पारुल से पूछताछ करेगी। पारुल पत्नी सुमित सोलोमन, निवासी 25 महात्मा गांधी मार्ग सिविल लाइन जनपद प्रयागराज की रहने वाली है।
जून में, एसटीएफ ने परीक्षा पेपर लीक करने में कथित संलिप्तता के लिए भोपाल के एक प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी सहित एक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारियां प्रयागराज में की गई थीं। गिरफ्तार लोगों में अर्पित विनीत यशवंत शामिल थे, जो बिशप जॉनसन गर्ल्स स्कूल एंड कॉलेज के परीक्षा कार्य का देखभाल करते थे और पारुल सोलोमन द्वारा नियुक्त किए गए थे। पेपर लीक के संबंध में प्रयागराज के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था, जिससे यशवंत और अन्य की गिरफ्तारी हुई थी।




Add comment