
पंजाब के पटियाला स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय यानी आरजीएनयूएल (RGNUL) में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ छात्रों का विरोध-प्रदर्शन अब भी जारी है। इस बीच पटियाला से कांग्रेस के लोकसभा सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों से धरनास्थल पर पहुंचकर मुलाकात की। कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनके मुद्दे का समर्थन किया।
गौरतलब है कि राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के छात्र बीते 22 सितंबर से कुलपति प्रोफेसर जयशंकर सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि कुलपति ने औचक निरीक्षण के बहाने बिना अनुमति के लड़कियों के छात्रावास में प्रवेश किया और लैंगिक भेदभाव वाली टिप्पणी भी की। छात्राओं का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब कुलपति ने बिना अनुमति उनके कमरे में प्रवेश किया हो और उन पर टिप्पणी की हो।
बहरहाल, कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने रविवार को प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की और उनके मुद्दे का समर्थन किया। बता दें कि डॉ. धर्मवीर गांधी पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग में वरिष्ठ व्याख्याता रहे हैं और एक चिकित्सक भी हैं।
इससे पहले, हालांकि छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन वे सफल नहीं हो पाई। लिहाजा छात्रों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। साथ ही, छात्र अब अपने विरोध-प्रदर्शन के तहत कक्षाओं का बहिष्कार भी कर रहे हैं।
उधर, पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने भी छात्रों से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी उनसे संपर्क किया है और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री जल्द छात्रों से मुलाकात भी कर सकते हैं।




Add comment