
ओडिशा में सत्ता में आने के बाद से ही नई भाजपा सरकार पूर्ववर्ती सरकार की विभिन्न योजनाओं-प्रतिष्ठानों के नाम बदलने से लेकर रंगों में भी बदलाव करने में जुटी है। इस क्रम में अब ओडिशा की मोहन माझी सरकार ने 1 अक्तूबर को सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के नौवीं और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म का रंग और डिज़ाइन भी बदलने की घोषणा की है। विद्यालय पोशाक के रंग परिवर्तन की घोषणा “मुख्यमंत्री छात्र छात्रा परिधान योजना” के तहत की गई है।
विद्यालय और जनशिक्षा विभाग ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को लिखे पत्र में बताया है कि सरकार ने यूनिफॉर्म के अंतिम डिज़ाइन और रंग को मंजूरी दे दी है। पत्र में कहा गया है, “नए डिजाइन को उन स्कूलों में लागू किया जा सकता है, जहां पुराने डिजाइन की यूनिफॉर्म न तो सिली गई है और न ही वितरित की गई है।” इससे पहले, विद्यालय और जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा था कि राज्य सरकार स्कूल यूनिफॉर्म के पिछले रंग को नीला और सफेद कर सकती है।
नई घोषणा के अनुसार विद्यालय पोशाक का रंग अब हल्का भूरा और मैरून रंग का होगा। लड़के चेकर्ड हल्के भूरे रंग की शर्ट और मैरून पैंट पहनेंगे जबकि लड़कियां चेकर्ड कुर्ता के साथ मैरून जैकेट और सलवार पहनेंगी। उल्लेखनीय है कि पिछले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद सरकार द्वारा 2023 में शुरू की गई यूनिफॉर्म का हरा रंग कर दिया गया था। छात्र छात्राओं यह वर्दी मुफ्त में दी जाएगी। उन्हें दो जोड़ी पोशाक के साथ जूता और मोजा भी दिया जायेगा।




Add comment