
ओडिशा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए पदों की संख्या में इजाफा कर दिया गया है। स्टेट सेलेक्शन बोर्ड (SSB) ने कुल भर्ती में अब 720 पद और बढ़ा दिए हैं। जोड़े गए नए पदों को मिलाकर अब कुल 2030 पदों पर नियुक्तयां की जाएंगी। इसके पहले सिपाही के 1360 पदों पर भर्ती की जा रही थी। इस संबंध में SSB की ओर से आधिकारिक सूचना ऑफिशियल वेबसाइट /odishapolice.gov.in/ पर जारी की गई है। अभ्यर्थी पोर्टल पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं।
हाल ही में, एसएसबी ओडिशा पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती 2024 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी थी। अब उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपने फॉर्म जमा कर सकते हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर थी। पंजीकरण विंडो बंद होने के बाद आवेदन पत्र सुधार विंडो खुलेगी। इस दौरान अभ्यर्थियों को निर्धारित सेक्शन में बदलाव करने का मौका दिया जाएगा। आवेदकों को इस बात का ध्यान देना चाहिए कि महिलाएं और ट्रांसजेंडर इन पदों के लिए आवेदन करने के पात्र नहीं हैं।
ओडिशा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष से कम और 23 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को आयु में छूट लागू होगी। उम्मीदवारों का एक विषय के रूप में उड़िया के साथ कक्षा 10 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा वे अच्छे चरित्र और अच्छे स्वास्थ्य वाले, जैविक दोषों और शारीरिक विकृतियों से मुक्त भारतीय नागरिक होने चाहिए। आवेदक के पास एक से अधिक पति या पत्नी जीवित नहीं होने चाहिए। हालांकि, पर्सनल लॉ या अन्य आधारों के तहत इससे छूट मिल सकती है। उसे उड़िया में बोलने, लिखने और पढ़ने में सक्षम होना चाहिए।
ओडिशा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए एसएसबी उम्मीदवारों का चयन करने के लिए एक कंप्यूटर-आधारित भर्ती परीक्षा (सीबीआरई), शारीरिक मानकों का माप और शारीरिक दक्षता परीक्षण, एक ड्राइविंग टेस्ट और एक मेडिकल परीक्षा आयोजित करेगा। ओडिशा पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में 100 अंकों के 100 वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और अवधि दो घंटे होगी। गलत उत्तरों के लिए निगेटिव मार्किंग (0.25 अंक) होगी। बिना प्रयास वाले प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा।




Add comment