
देश में इस वक़्त त्यौहारों का सीजन चल रहा है। दिवाली, गोवर्धन और भाई दूज के बाद अब देश में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। छठ का पर्व वैसे तो बिहार और झारखंड का प्रमुख त्यौहार है, लेकिन इसकी धूम देश की राजधानी दिल्ली और यूपी समेत कई अन्य राज्यों में भी देखने को मिलती है। यहां तक कि मुंबई में भी छठ पूजा सेलिब्रेट की जाती है। एमपी, छत्तीसगढ़, हरियाणा और राजस्थान के भी कई हिस्सों में छठ का पर्व मनाया जाता है। इस साल छठ पूजा 7 नवंबर को मनाई जा रही है। दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड और कुछ अन्य राज्यों ने इस अवसर पर स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा की है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने छठ पूजा 2024 के अवसर पर 7 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। एक आधिकारिक घोषणा में, मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए 7 नवंबर को अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है, ताकि पूर्वांचल समुदाय बड़े उत्साह के साथ त्योहार मना सके। छठ पर्व के उपलक्ष्य में 7 नवंबर को नई दिल्ली में स्कूलों के अलावा सभी सरकारी विभाग भी बंद रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में भी छठ पूजा के अवसर पर 7 नवंबर को अधिकांश स्कूल बंद रहने की संभावना है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से फिलहाल यूपी में छठ पूजा के दिन स्कूल की छुट्टी की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
छठ का पर्व बिहार में प्रमुखता से मनाया जाता है, इसलिए यहां बिहार सरकार ने 4 दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। बिहार में राज्य सरकार ने 6 नवंबर से 9 नवंबर तक स्कूल की छुट्टी घोषित की है।
छठ का पर्व झारखंड का भी प्रमुख त्यौहार है। ऐसे में बिहार की तरह वहां भी लंबी छुट्टी रहने की संभावना है। हालांकि झारखण्ड में स्कूलों की छुट्टियों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, झारखंड में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 7 नवंबर को प्रतिबंधित अवकाश घोषित किया गया है। छठ पूजा की छुट्टी बिहार और झारखंड में एक दिन और यानी 8 नवंबर तक रहेगी।




Add comment