Edinbox Hindi

दिल्ली के सरकारी स्कूल के छात्र फ्रेंच पढ़ने पहुंचे पेरिस, विदेश में पढ़ाई का सपना हुआ पूरा

दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अब पेरिस जाकर फ्रेंच सीखेंगे। गरीबों के बच्चों का यह सपना अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में हुई शिक्षा क्रांति की वजह से साकार हुआ है। दरअसल, दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं में पढ़ने वाले 30 बच्चों को फ्रेंच भाषा की पढ़ाई करने के लिए पेरिस भेजा है। पढ़ने के लिए पेरिस गए ये बच्चे 4 से 15 नवंबर तक एलायंस फ्रांसेस डे पेरिस में ए2 फ्रेंच का अध्ययन करेंगे। इस प्रोग्राम के तहत इन छात्रों को फ्रेंच भाषा और फ्रांसीसी संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। इन छात्रों को वहां के परिवारों के साथ रहने का अनुभव भी मिलेगा।

दिल्ली सरकार ने भारत में फ्रांसीसी दूतावास के सहयोग से अपने स्कूलों के बच्चों को फ्रेंच भाषा सिखाने के लिए एलायंस फ्रांसेस के साथ एमओयू साइन किया है। इसी के तहत बच्चों को पेरिस भेजा गया है। पेरिस पढ़ने के लिए गए इन बच्चों को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के 30 बच्चे फ्रेंच भाषा का एडवांस कोर्स करने के लिए आज पेरिस में हैं। उन्होंने लिखा कि किसी ने सोचा नहीं था कि सरकारी स्कूल का बच्चा भी विदेश जाकर पढ़ाई करेगा। यह किसी सपने से कम नहीं है। 

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि हमने 10 सालों में वो कर दिखाया, जिसे लोग नामुमकिन कहते थे। दिल्ली के हर बच्चे को हम वो सभी मौके दे रहे हैं, जो अब तक सिर्फ बड़े और अमीर परिवार के बच्चों को मिलते थे। दिल्ली की जनता के साथ मिलकर, इस शिक्षा क्रांति को ऐसी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे, जहां तक किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed