
योगी सरकार ने लंबे समय से आरओ-एआरओ प्री और पीसीएस प्री की परीक्षा की नई तारीख का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। यूपीपीएससी ने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा और समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी है। दोनों परीक्षाएं एक ही महीने में आयोजित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अनुसार आरओ-एआरओ की परीक्षा 22 और 23 दिसंबर को तीन शिफ्टों में होगी जबकि पीसीएस प्री परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को दो सत्रों में होगी।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को होगी दो सत्रों में परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 7 और 8 दिसंबर को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के 41 जिलों में दो सत्रों में होगी।
परीक्षा का पहला सत्र सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगा। वहीं आरओ-एआरओ (समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी) प्री की परीक्षा 22 और 23 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कुल तीन शिफ्टों में आयोजित कराई जाएगी।
22 दिसंबर को दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
आरओ-एआरओ प्री की परीक्षा पहली और दूसरी शिफ्ट 22 दिसंबर को होगी, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं तीसरी शिफ्ट 23 दिसंबर को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी। इस परीक्षा के लिए 10.76 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश के अनुसार, यदि एक पाली में 5 लाख से अधिक परीक्षार्थी होते हैं तो परीक्षा को कई पालियों में आयोजित करना अनिवार्य हो जाता है। इसी कारण इस परीक्षा को तीन शिफ्टों में बांटा गया है।
कब आएगा एडमिट कार्ड?
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा और समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक का एडमिट कार्ड दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, आयोग ने इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
यह पहली बार है, जब आयोग एक ही महीने में दो बड़ी परीक्षाओं का आयोजन कर रहा है। इन परीक्षाओं के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों की कुल संख्या 16.52 लाख से अधिक है। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए 5 लाख से अधिक और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के लिए 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया गया है।




Add comment