
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई (CBSE) ने असंबद्ध स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के छात्रों को उसी स्कूल से 2024-25 की बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है। आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि ऐसे स्कूलों को 2026-27 में एक साल बाद माध्यमिक स्तर तक संबद्धता बहाल करने के लिए आवेदन करने की भी अनुमति दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में सीबीएसई बोर्ड ने 21 स्कूल की मान्यता रद्द की है और 6 को डाउनग्रेड किया है। दरअसल, सीबीएसई बोर्ड ने सितंबर महीने में दिल्ली और राजस्थान के स्कूलों में औचक निरीक्षण किया था और इस क्षेत्र के 27 स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। ऐसे स्कूलों को जवाब देने के लिए 30 दिन का समय दिया गया था। स्कूलों द्वारा प्रस्तुत जवाबों की समीक्षा करने के बाद, बोर्ड ने 21 स्कूलों की मान्यता रद्द करने और 6 स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी से सेकेंडरी स्तर पर डाउनग्रेड करने का निर्णय लिया था।
मान्यता रद्द होने के बाद इन स्कूलों के छात्रों के भविष्य को लेकर आशंकाएं पैदा हो गयी थी। अब सीबीएसई ने असंबद्ध स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के छात्रों को उसी स्कूल से 2024-25 की बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है। हालांकि जो छात्र वर्तमान में कक्षा 9 और 11 में हैं, उन्हें संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा निकटवर्ती स्कूलों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। स्कूलों को आदेश दिया गया है कि वे कक्षा 9 और 11 में कोई नया प्रवेश न लें और निचली कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्रोन्नत न करें।




Add comment