Edinbox Hindi

CAT Exam में अब पांच दिन बाकी; अंतिम समय में इन टिप्स की लें मदद, मिलेंगे बेहतरीन रिजल्ट

कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) का आयोजन 24 नवंबर को होगा। इस परीक्षा में केवल 5 दिन का समय शेष है। एमबीए करने के इच्छुक लाखों छात्र हर साल कॉमन एडमिशन टेस्ट यानी कैट की परीक्षा में शामिल होते हैं। यह भारत में सबसे प्रतिस्पर्धी परेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसमें सफल होकर छात्र प्रतिष्ठित आईआईएम और अन्य मान्यता प्राप्त बिजनेस कॉलेज में दाखिला ले सकते हैं। इस साल यह परीक्षा भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), कोलकाता द्वारा आयोजित कराई जाएगी। जाहिर है कि इस परीक्षा के लिए उम्मीदवार कड़ी मेहनत से तैयारी कर रहे हैं। उम्मीदवार उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो उन्हें परीक्षा में अच्छे अंक लाने में मदद करेंगी। अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो आपको कुछ जरूरी बातों का ख्याल रखना चाहिए। 

मॉक टेस्ट हल करें
अंतिम में कुछ भी नया न पढ़ें और अच्छा पर्सेंटाइल हासिल करने के लिए ज्यादा से ज्यादा रिवीजन करें। परीक्षा से ठीक पहले के दिनों में ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट हल करें। ये आपको कमजोर क्षेत्रों की पहचान के साथ परीक्षा के समय होने वाले दबाव से परिचित कराता है। इसकी मदद से ये जानने में भी मदद मिलेगी कि आपको किन क्षेत्रों में समय बर्बाद नहीं करना है। मॉक टेस्ट हल करने के बाद अपने परिणामों की समीक्षा करें और अपने कमजोर क्षेत्रों में सुधार के लिए रणनीतियां विकसित करें। 

प्रश्नों की प्रकृति समझें 
ऑनलाइन मोड में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में तीन खंड होते हैं। प्रत्येक खंड के लिए केवल 40 मिनट का समय दिया जाता है और आप एक बार में एक ही खंड हल कर सकते हैं। इसके अलावा, बहुविकल्पीय प्रश्नों के लिए नकारात्मक अंकन का प्रावधान किया गया है, जबकि टीआईटीए (टाइप इन द आंसर) प्रश्नों के लिए कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी। ऐसे में, जहां बहुविकल्पीय प्रश्नों में छोटी-सी चूक भी भारी पड़ सकती है, वहीं टीआईटीए के प्रश्नों का सही उत्तर आपका पर्सेंटाइल स्कोर बढ़ा सकता है।

फ्लैशकार्ड और माइंड मैप्स
मुख्य सूत्रों, अवधारणाओं और शॉर्टकट को हाइलाइट करते हुए शॉर्ट-नोट्स या फ्लैशकार्ड बनाएं। इससे अंतिम समय में रिवीजन करने में आसानी होगी। इसके अलावा, विभिन्न विषयों के बीच संबंधों को आपस में जोड़कर पढ़ाई करने के लिए माइंड मैप्स का उपयोग करें। इससे अवधारणाओं और तथ्यों को बेहतर ढंग से समझने और याद रखने में मदद मिलती है।

प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की आदत बनाएं
परीक्षा के दौरान जल्दबाजी में उम्मीदवार प्रश्नों को ध्यान से नहीं पढ़ते और गलतियां कर बैठते हैं। अभी परीक्षा में थोड़ा समय शेष है, इस दौरान उम्मीदवार प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की आदत विकसित करें। इससे परीक्षा वाले दिन गलतियां कम होंगी। 

समय प्रबंधन की योजना बनाएं
CAT परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए प्रभावी समय प्रबंधन बेहद जरूरी है। ऐसे में कम समय में प्रश्नों का उत्तर देने का अभ्यास करें। प्रत्येक अनुभाग के लिए समय विभाजित करें और योजना बनाएं कि आप परीक्षा में किस अनुभाग के सवालों को पहले हल करेंगे। आसान प्रश्नों को पहले हल करें, कठिन सवालों में न उलझें. बेहतर प्रबंधन के लिए घड़ी पर नजर बनाए रखें। कुछ समय उत्तरपुस्तिका के पुनरीक्षण के लिए भी आरक्षित रखें। 

शॉर्ट-ट्रिक्स व सूत्र
ट्रिक्स और सूत्रों के शॉर्ट-नोट्स जरूर बना लें। उन्हें लगातार दोहराते भी रहें, ताकि रिवीजन करने और प्रश्नों को हल करने में आसानी हो। परीक्षा में समय महत्वपूर्ण कारक है। ऐसे में शॉर्ट-ट्रिक्स का इस्तेमाल करने से आपको मदद मिलेगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed