
राजस्थान में 9वीं से 12वीं तक के प्रचलित पाठ्यक्रम में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है। इसे लेकर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) शीघ्र ही एनसीईआरटी से भी मार्गदर्शन लेगा। राजस्थान के सब्जेक्ट एक्सपर्ट की एक वर्कशॉप भी एनसीईआरटी के एक्सपर्ट के साथ कराने की तैयारी है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इसके संकेत दिए हैं। इसे लेकर वह अगले महीने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की समीक्षा बैठक लेंगे, इसके तहत माना जा रहा है कि मंत्री दिलावर पाठ्यक्रम को लेकर बड़े फैसले ले सकते हैं।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने किए जाने वाले बदलावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल्द ही बोर्ड की ओर से NCERT से सुझाव लेकर राजस्थान के अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों के साथ एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें आगामी वर्ष 2025 की परीक्षाएं NCERT पाठ्यक्रम के आधार पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
बोर्ड सचिव कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि NCERT के अधिकारियों ने बोर्ड अधिकारियों से कहा है कि राजस्थान सरकार भी अपने स्तर पर 9वीं से 12वीं तक कुछ बदलाव कर सकती है। इस संबंध में एनसीईआरटी के अधिकारियों से चर्चा कर बदलाव लाने के प्रावधान तलाशे जाएंगे। इसके बाद ही नियमों के अनुसार बदलाव करने की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। फिलहाल इस विषय पर राजस्थान सरकार की स्पष्ट मंशा अभी तक सामने नहीं आई है।
राजस्थान सरकार में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अगले महीने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में दिलावर कई अहम फैसले ले सकते हैं। इससे पहले जयपुर से आए सभी खंडों के संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। समीक्षा बैठक से पहले एनसीईआरटी से विशेषज्ञ बुलाने और राजस्थान के विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने पर चर्चा के बाद पाठ्यक्रम तैयार करने पर जोर दिया गया।




Add comment