Edinbox Hindi

मणिपुर में 13 दिनों बाद खुले स्कूल और कॉलेज, बंद रहेगा इंटरनेट 

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मणिपुर के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के स्कूल खोल दिए गए। इंफाल घाटी और जिरीबाम जिले में 13 दिनों से बंद चले आ रहे स्कूल और कॉलेज आज से खुल गए। बीते दिन मणिपुर सरकार ने स्कूलों को खोलने के आदेश जारी किए थे। 

घाटी के जिलों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में सुधार होने के साथ राज्य की राजधानी इंफाल में आज स्कूली यूनिफॉर्म पहने छात्र और उनके अभिभावक बसों का इंतजार करते देखे गए। शिक्षा निदेशालय और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने बीते दिन इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, काकचिंग, थौबल और जिरीबाम जिलों में कक्षाएं फिर से शुरू करने का आदेश दिया था। 

केंद्र सरकार के अधिकारी के. बिकन सिंह ने कहा, “यह बड़ी राहत की बात है कि स्कूल फिर से खुल गए हैं। मेरे बच्चे, जो कक्षा 6 और कक्षा 7 में हैं, की अंतिम परीक्षाएं दिसंबर के दूसरे हफ्ते से शुरू होने वाली थीं और सिलेबस अभी भी पूरा होना बाकी है। स्कूलों के फिर से खुलने से टीचर्स को अपने छात्रों के साथ बातचीत करने का मौका मिलेगा।”

मणिपुर की जिरी और असम की बराक नदियों से तीन महिलाओं और तीन बच्चों के शव बरामद होने के बाद घाटी के जिलों और जिरीबाम में शैक्षणिक संस्थान 16 नवंबर से बंद चल रहे थे। इस बीच, एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, राज्य सरकार ने शुक्रवार को घाटी के सभी 5 जिलों और जिरीबाम में सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक कर्फ्यू में ढील देने का आदेश दिया है ताकि लोग आवश्यक वस्तुएं और दवाएं खरीद सकें।

हालांकि मणिपुर सरकार ने एहतियात के तौर पर अशांत जिरीबाम जिले सहित नौ जिलों में इंटरनेट और डेटा सेवाओं के निलंबन को 29 नवंबर को शाम 5.15 बजे तक बढ़ा दिया है। घाटी और पहाड़ियों दोनों वाले नौ जिले, जहां इंटरनेट और डेटा सेवाओं का निलंबन लागू किया गया है, वे इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर, थौबल, काकचिंग, कांगपोकपी, चुराचांदपुर, जिरीबाम और फेरजावल हैं। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed