Edinbox Hindi

आईआईटी कानपुर में पहले ही दिन 500 से ज्यादा छात्रों को जॉब की पेशकश

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) कानपुर में इन दिनों प्लेसमेंट सेशन चल रहा है। कई नेशनल और इंटरनेशनल कंपनियों ने इस कैंपस सेशन में भाग लिया है। ऐसे में पहले दिन आईआईटी कानपुर में 500 से ज्यादा छात्रों को जॉब की पेशकश की गई है। आईआईटी कानपुर ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से इस बात की जानकारी दी।

प्रेस रिलीज में कहा गया कि कैम्पस प्लेसमेंट के पहले दिन 579 छात्रों को नौकरी के ऑफर आए। कैंपस प्लेसमेंट और प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) के संयोजन के माध्यम से पहले दिन 523 छात्रों को पदों की पेशकश की गई है। इनमें से 199 ने अपने प्री-प्लेसमेंट ऑफर स्वीकार कर लिए हैं। संस्थान ने आगे कहा कि अब तक 13 छात्रों को इंटरनेशनल जॉब की पेशकश की गई है।

आईआईटी कानपुर ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “पहले दिन 74 कंपनियों की ओर से कैंपस प्लेसमेंट में भागीदारी देखी गई। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स, डेटाब्रिक्स, गूगल, अमेरिकन एक्सप्रेस, एसएलबी और ड्यूश बैंक जैसे इंडस्ट्री के अग्रणी संस्थान टॉप रिक्रूटर बनकर सामने आए हैं, जो आईआईटी कानपुर के प्रतिभा पूल की असाधारण गुणवत्ता को उजागर करते हैं।”

आईआईटी कानपुर के डायरेक्टर प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने कहा, “पहले दिन ही कई कंपनियों से बड़ी संख्या में ऑफर आए, जिनमें बड़ी संख्या में इंटरनेशनल प्लेसमेंट भी शामिल हैं, आईआईटी कानपुर की अकादमिक उत्कृष्टता और हमारे छात्रों की क्षमता की वैश्विक मान्यता को उजागर करता है।”

छात्र प्लेसमेंट ऑफिस के अध्यक्ष प्रो. राजू कुमार गुप्ता ने कहा, “हमें अपने छात्रों की उपलब्धियों पर बहुत गर्व है और हम पहले दिन सेलेक्ट किए गए छात्रों को बधाई देते हैं। आईआईटी कानपुर इस गति को बनाए रखने और सेशन की प्रगति के साथ प्लेसमेंट सफलता में नए मानक हासिल करने की आशा करता है।”

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed