
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खान विद्यालय), धनबाद (IIT ISM) ने अपने एमबीए कार्यक्रम के लिए सत्र 2025-26 में एमबीए (MBA) की कुल सीटों में 28 सीटों की बढ़ोतरी की है। अब कुल 120 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। पहले सत्र 2024-25 में यह संख्या 92 थी। इसमें एमबीए में 62 और एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स में 30 सीटें शामिल थीं। नए सत्र में एमबीए की सीटें 62 से बढ़ाकर 90 कर दी गई हैं। इस बदलाव से छात्रों को आईआईटी में प्रवेश का अधिक मौका मिलेगा।
इस बार एमबीए की सीटों को 62 से बढ़ाकर 90 किया गया है। वहीं, बिजनेस एनालिटिक्स की 30 सीटें यथावत रखी गई हैं। इसके साथ, महिला उम्मीदवारों को विशेष 5% वेटेज मिलेगा। यह पहल अधिक से अधिक महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए की गई है। इससे छात्राओं को ज्यादा से ज्यादा मौका मिलेगा।
एमबीए में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। इच्छुक छात्र CAT 2024 के स्कोर के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 है। पर्सनल इंटरव्यू 20-23 फरवरी, 7-9 मार्च, 22-24 मार्च और 29-30 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। इस प्रक्रिया का अंतिम परिणाम मई के पहले सप्ताह में घोषित होने की संभावना है।
एमबीए के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग कैट परसेंटाइल को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उसके बाद अंतिम चयन उम्मीदवार के चार पहलुओं को ध्यान में रख कर किया जाएगा। इनमें पर्सनल इंटरव्यू 40 फीसदी, कैट परसेंटाइल 35 फीसदी, पास्ट एकेडमिक रिकॉर्ड 10 फीसदी, इंडस्ट्रियल एक्सपिरिएंस 10 फीसदी व महिला उम्मीदवारों को 5 फीसदी का वेटेज शामिल है।
एमबीए में प्रवेश लेने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों के लिए फीस 3 लाख 67 हजार 936 रुपए तय की गई है। वहीं एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी छात्रों के लिए यह फीस 67 हजार 936 रुपए है। इसके अतिरिक्त, प्रति सेमेस्टर छात्रों को ₹18,000 मेस शुल्क भी देना होगा। आईआईटी प्रशासन ने यह भी बताया है कि सेमेस्टर शुल्क में संशोधन किया जा सकता है।
एमबीए और बिजनेस एनालिटिक्स में सीटों की बढ़ोतरी से छात्रों को आईआईटी आईएसएम में एडमिशन लेने का ज्यादा से ज्यादा बेहतर मौका मिलेगा। यह कदम छात्रों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर उठाया गया है।




Add comment