
यूपीपीएससी (UPPSC) पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार 22 दिसंबर को को संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए कुल 5,76,154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से केवल 2,41,212 अभ्यर्थी ही परीक्षा में आये। यानी केवल 42% अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस और अन्य एजेंसियों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
उन्होंने बताया, “रविवार को पीसीएस प्री परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता के लिए दोहरी जांच व्यवस्था लागू की गई थी, जिसमें पुलिस और एजेंसी अलग-अलग जांच कर रही थी।”
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में आयोजित की गईं और लाइव स्ट्रीम की गईं तथा उम्मीदवारों की आंखों की पुतलियों और अन्य बायोमेट्रिक्स की जांच की गई, ताकि प्रॉक्सी को रोका जा सके।
कुमार ने कहा, “आयोग में स्थापित नियंत्रण कक्ष से हर केंद्र के प्रत्येक अभ्यर्थी पर नजर रखी गई। यह निगरानी राज्य भर के 1,331 केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के जरिए की गई। जैसे ही कोई अभ्यर्थी घूमता हुआ दिखाई दिया, हमने तुरंत संबंधित केंद्र को सूचित कर दिया कि वह अभ्यर्थी क्या कर रहा है।”
उन्होंने बताया कि नकल का एकमात्र मामला एटा के जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में सामने आया, जहां एक अभ्यर्थी ईयरफोन लगाकर आया था। पुलिस ने उस व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।




Add comment