
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2024 एग्जाम का शेड्यूल जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के मुताबिक यूजीसी नेट एग्जाम की शुरुआत अब 3 जनवरी 2025 से की जाएगी एवं अंतिम पेपर 16 जनवरी 2025 को आयोजित किया जायेगा। बता दें कि पहले यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन 1 जनवरी से 19 जनवरी 2025 के बीच किया जाना था जिसमें अब बदलाव किया गया है। परीक्षा दो शिफ्टों में होगी, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगी।
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड परीक्षा से केवल चार दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। हाल ही में एजेंसी ने परीक्षा का विषयवार शेड्यूल भी जारी किया था। जो भी उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट (ugcnet.nta.ac.in.) पर जाकर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं। फिलहाल अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और शहर सूचना पर्ची का बेसब्री से इंतजार है।
एनटीए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप (UGC NET Exam City Slip) केवल परीक्षा शहर की जानकारी प्रदान करने के लिए जारी करती है। सिटी स्लिप एग्जाम शुरू होने से 8 दिन पहले यूजीसी नेट की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। वहीं यूजीसी नेट एडमिट कार्ड परीक्षा से केवल चार दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। उम्मीदवार ध्यान रखें कि यह स्लिप एडमिट कार्ड का स्थान नहीं ले सकती और परीक्षा के लिए आपको एडमिट कार्ड के साथ एक ओरिजिनल पहचान पत्र भी लेकर जाना अनिवार्य होगा।
दिसंबर सत्र की यूजीसी नेट परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी। परीक्षा 85 विषयों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षण (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। पेपर में दो खंड शामिल होंगे। दोनों खंडों में वस्तुनिष्ठ प्रकार के बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और पेपर के बीच कोई समय अंतराल नहीं होगा।




Add comment