Edinbox Hindi

धनंजय शुक्ला बने आईसीएसआई के नए अध्यक्ष, पवन जी चांडक को मिला उपाध्यक्ष का पद

धनंजय शुक्ला को भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) का अध्यक्ष और पवन जी चांडक को उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया है।  संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार शुक्ला को कॉर्पोरेट कानून, प्रतिभूति कानून और कराधान के क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल है।

नए अध्यक्ष कॉमर्स, लॉ में स्नातक और आईसीएसआई के फेलो सदस्य हैं। वे पिछले कई वर्षों से विभिन्न पदों पर संस्थान की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2024 के लिए आईसीएसआई के उपाध्यक्ष का पद संभाला। आईसीएसआई के 75,000 से अधिक सदस्य और करीब 2 लाख छात्र हैं।

इससे पहले धनंजय शुक्ला 2011-14 की अवधि के लिए आईसीएसआई के उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद (एनआईआरसी) के लिए चुने गए थे और फिर 2015-18 की अवधि के लिए फिर से चुने गए। शुक्ला ने वर्ष 2017 में उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और एनआईआरसी में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न अन्य पदों पर कार्य किया। उन्होंने वर्ष 2019 और 2020 के लिए आईसीएसआई के सचिवीय मानक बोर्ड (एसएसबी) के सदस्य के रूप में भी कार्य किया।

कॉर्पोरेट पेशेवर के रूप में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शुक्ला ने वर्ष 2009 में प्रैक्टिस शुरू करने से पहले बड़े कॉर्पोरेट समूहों में कंपनी सचिव के रूप में काम किया है। उन्होंने विदेशी प्रमोटरों द्वारा भारत में स्थापित विभिन्न स्टार्ट-अप उपक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वहीं पवन जी चांडक एक योग्य कंपनी सचिव हैं, जिनकी विशेषज्ञता श्रम कानून और श्रम कल्याण में है। वे केपीआरसी एंड एसोसिएट्स के संस्थापक भागीदार हैं, जिनके पास कॉर्पोरेट कानून, विदेशी मुद्रा कानून, औद्योगिक कानून, कानूनी माप विज्ञान, सचिवीय लेखा परीक्षा, मध्यस्थता मामले, एसईजेड, एसटीपीआई, ईओयू और डीओटी के क्षेत्रों में विविध अनुभव है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed