
बीते दिनों अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में कुछ कोर्सेज के बंद होने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन अब छात्रों के लिए राहत भरी खबर आई है। AMU ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 से कई नए कोर्स शुरू करने की घोषणा की है, जिससे छात्रों को न केवल अलीगढ़ बल्कि अन्य राज्यों में भी करियर के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। चूंकि AMU के विभिन्न राज्यों में कई केंद्र स्थापित हैं, इसलिए इन नए कोर्सेज का लाभ देशभर के छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
AMU ने इंजीनियरिंग, मेडिकल, सोशल साइंस और मैनेजमेंट सहित कई संकायों में नए पाठ्यक्रम जोड़ने का निर्णय लिया है। MBA, M.Tech, मेडिकल और पीजी डिप्लोमा जैसे कोर्सेज को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, 11वीं की प्रवेश परीक्षा के लिए भी नए परीक्षा केंद्रों की घोषणा की गई है। यूनिवर्सिटी की एडमिशन कमेटी की बैठक में इस निर्णय को अंतिम रूप दिया गया और यह प्रस्ताव 8 फरवरी को एकेडमिक काउंसिल में रखा जाएगा।
नए कोर्सेज:
M.Tech वायरलेस नेटवर्क
M.Tech सिविल सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर
M.Tech आर्किटेक्चर कंस्ट्रक्शन एंड मैनेजमेंट
पोस्ट डॉक्टोरल सर्टिफिकेट कोर्स (P.D.C.C) इन गायनेकोलॉजी
बैचलर इन इंजीनियरिंग ट्रॉमा केयर
डिप्लोमा इन इस्लामिक स्टडीज
PG डिप्लोमा इन हिंदी
MBA बिजनेस एनालिटिक्स
MBA डेटा साइंस एंड बिजनेस एनालिटिक्स
MBA इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप एंड वेंचर डेवलपमेंट
इसके अलावा, 11वीं और डिप्लोमा कोर्सेज के लिए दो नए परीक्षा केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
फीस और सीटों की जानकारी जल्द
AMU के असिस्टेंट कंट्रोलर फैसल फरीद के अनुसार, यूनिवर्सिटी प्रशासन जल्द ही इन नए कोर्सेज की सीटों की संख्या, फीस और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करेगा। एडमिशन कमेटी द्वारा पास किए गए प्रस्ताव को 8 फरवरी को एकेडमिक काउंसिल के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद आधिकारिक निर्णय लिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों का विस्तार
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, AMU ने 11वीं और डिप्लोमा इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाओं के लिए दो नए परीक्षा केंद्र बनाए हैं:
– केरल (मल्लपुरम)
– पश्चिम बंगाल (मुर्शिदाबाद)
इन केंद्रों पर छात्र अपने प्रवेश परीक्षा को आसानी से दे सकेंगे।
परीक्षा तिथियां और आवेदन प्रक्रिया
AMU प्रवेश परीक्षा 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। बिना विलंब शुल्क के आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 थी, जबकि लेट फीस के साथ आवेदन 7 फरवरी 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन करने के लिए करेक्शन विंडो 8 से 11 फरवरी 2025 तक खुली रहेगी।
विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं अप्रैल 2025 में आयोजित की जाएंगी:
B.Tech/B.Arch: 20 अप्रैल 2025
B.A: 9 अप्रैल 2025
B.Sc/B.Com: 14 अप्रैल 2025
पैरामेडिकल/बीआरटीटी/डिप्लोमा: 16 अप्रैल 2025
नए कोर्स से खुलेंगे करियर के नए अवसरों के द्वार
AMU द्वारा शुरू किए गए ये नए कोर्सेज छात्रों के लिए बेहतरीन अवसर साबित हो सकते हैं। MBA, M.Tech और मेडिकल कोर्सेज की बढ़ती मांग को देखते हुए, इन नए कार्यक्रमों से छात्रों को प्रतिस्पर्धी बाजार में बेहतर करियर संभावनाएं मिलेंगी। प्रवेश परीक्षा के नए केंद्रों की घोषणा भी दूर-दराज के छात्रों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब देखना होगा कि इन नए कोर्सेज के लिए आवेदन प्रक्रिया और सीटों की संख्या को लेकर यूनिवर्सिटी क्या आधिकारिक घोषणा करती है।




Add comment