
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 8वें संस्करण से पहले दिल्ली की एक सुंदर नर्सरी में छात्रों के साथ अनोखे तरीके से बातचीत की। इस संवाद के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों से उनके परीक्षा संबंधी तनाव, चिंताओं और सवालों पर चर्चा की, साथ ही हंसी-मजाक और आत्मीयता के साथ अपनी सलाह भी दी।
एक वीडियो में पीएम मोदी छात्रों से बात करते हुए अपने स्कूल जीवन के कुछ खास पलों को साझा करते दिखाई दिए। उन्होंने बताया, “जब मैं स्कूल में था, मेरे शिक्षकों ने मुझे अपनी लिखावट सुधारने में बहुत मदद की। उनके हुनर को देखिए, लेकिन मेरा लिखावट सुधारने में वो उतना सफल नहीं हो पाए।”
इस बातचीत में छात्रों ने पीएम मोदी से मिलकर अपनी खुशी भी जताई। एक छात्र ने कहा, “हमें ऐसा नहीं लगा कि हम प्रधानमंत्री से बात कर रहे हैं, वे हमारे दोस्त जैसे थे।”
बातचीत में छात्रों की खुशी का भी कोई ठिकाना नहीं था। कई राज्यों—जैसे केरल, पंजाब, बिहार और त्रिपुरा—से आए छात्र पीएम मोदी से मिले। एक छात्र ने तो अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि वह यहां अपनी “दिल की बात” कहने आया है, जिस पर प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं मन की बात करता हूं, आप अपनी दिल की बात कर सकते हैं।”
प्रधानमंत्री ने परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए छात्रों को कुछ अहम और व्यावहारिक सलाह भी दी। उन्होंने एक स्वस्थ और तनाव मुक्त वातावरण बनाने के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपनी चिंता को साकारात्मक दिशा में बदलें।
इस साल ‘परीक्षा पे चर्चा’ का 8वां संस्करण 10 फरवरी को सुबह 11 बजे प्रसारित होगा। खास बात यह है कि इस संस्करण में परीक्षा से जुड़े तनावों पर चर्चा करने के लिए सिर्फ पीएम मोदी ही नहीं, बल्कि अन्य जानी-मानी हस्तियां भी शामिल होंगी, ताकि छात्रों को और भी अधिक प्रेरणा मिल सके।




Add comment