
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षा कल, 15 फरवरी 2025 से शुरू हो रही है। इस बार सीबीएसई परीक्षा भारत के 8,000 स्कूलों और विदेशों के 26 देशों के 44 लाख से अधिक छात्रों के लिए आयोजित की जाएगी। परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों (CBSE Exam Guidelines) का पालन करना छात्रों के लिए अनिवार्य होगा।
3 फरवरी को सीबीएसई ने 2025 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10 और 12 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए थे। इन एडमिट कार्ड को परीक्षा संगम पोर्टल पर सभी छात्रों के लिए उपलब्ध कराया गया है। निजी छात्र अपनी एडमिट कार्ड को cbse.gov.in वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं, जबकि नियमित छात्र इसे अपने संबंधित स्कूल से प्राप्त कर सकते हैं, क्योंकि स्कूलों को ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की अनुमति है।
सीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षा 15 फरवरी को अंग्रेजी विषय के साथ शुरू होगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा फिजिकल एजुकेशन विषय से शुरू होगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी, जबकि कुछ विषयों के लिए परीक्षा सुबह 10:30 से 12:30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
परीक्षा के लिए जरूरी दस्तावेज़
– सभी नियमित परीक्षार्थियों को अपनी स्कूल की यूनिफॉर्म में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
– निजी परीक्षार्थियों को हल्के या उजले रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
– सभी परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड के साथ स्कूल का आईडी कार्ड (रेगुलर छात्रों के लिए) या सरकारी फोटो पहचान प्रमाण (निजी छात्रों के लिए) लाना अनिवार्य होगा।
– पारदर्शी पाउच में पेंसिल, पेन, इरेज़र, स्केल, राइटिंग पैड और पानी की पारदर्शी बोतल।
परीक्षा में क्या नहीं लाया जा सकता
– मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, स्मार्टवॉच, कैमरा जैसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की अनुमति नहीं है।
– कोई भी प्रिंटेड या लिखी हुई पाठ्य सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव आदि लाना प्रतिबंधित है।
– व्यक्तिगत वस्तुएं जैसे वॉलेट, हैंडबैग, गॉगल्स, पाउच आदि को परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं है।
– खाद्य पदार्थ (मधुमेह रोगियों को छोड़कर) लेकर जाना प्रतिबंधित है।
परीक्षा केंद्र पर क्या करें
– छात्र परीक्षा केंद्र पर जाने से एक दिन पहले उसका दौरा करें, ताकि कोई असुविधा न हो।
– प्रवेश पत्र पर अंकित निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और हस्ताक्षर करें।
– अगर किसी छात्र ने उत्तरपुस्तिका में गाली या धमकी लिखी या करेंसी रखी, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
– सोशल मीडिया पर परीक्षा से जुड़ी अफवाहें फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, और ऐसे छात्रों को आगामी वर्ष की परीक्षा से भी वंचित किया जा सकता है।




Add comment