Edinbox Hindi
UP board 12th result

यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार रिकॉर्ड 94.44% रही छात्रों की उपस्थिति, पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक

यूपी बोर्ड की 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा इस बार विद्यार्थियों की उपस्थिति के लिहाज से खास रही। समय पर हेल्प डेस्क की स्थापना और विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के कारण इस बार कुल 94.44% विद्यार्थियों ने परीक्षा में उपस्थिति दर्ज कराई, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है।

इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 54,37,233 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 51,34,725 (94.44%) उपस्थित रहे, जबकि 3,02,508 (5.56%) अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल परीक्षा के लिए पंजीकृत 27,32,216 अभ्यर्थियों में से 25,56,992 (93.58%) विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 1,75,224 (6.42%) अनुपस्थित रहे। वहीं, इंटरमीडिएट में पंजीकृत 27,05,017 विद्यार्थियों में से 25,77,733 (95.29%) ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,27,284 (4.71%) अनुपस्थित रहे।

पिछले साल 2024 में पंजीकृत 55,25,342 विद्यार्थियों में से 3,23,166 (5.84%) अनुपस्थित थे। 2023 में पंजीकृत 58,84,634 विद्यार्थियों में से 4,50,012 (7.64%) ने परीक्षा छोड़ी थी। 2022 में 51,92,616 विद्यार्थियों में से 4,34,404 (8.36%) अनुपस्थित रहे थे। वर्ष 2021 में कोरोना के कारण परीक्षा नहीं हो पाई थी, और 2020 में 56,10,819 विद्यार्थियों में से 3,53,684 (6.30%) अनुपस्थित रहे थे।

इस साल यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 19 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रदेश के 261 केंद्रों पर किया जाएगा। कॉपियों को संकलन केंद्रों से मूल्यांकन केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू कर दी गई है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कॉपियों की सुरक्षा और मूल्यांकन केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। सभी उत्तर पुस्तिकाएं 18 मार्च तक मूल्यांकन केंद्रों को पहुंचाई जाएंगी।

इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त प्रश्नपत्रों के सेटों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की समाप्ति के बाद स्ट्रॉन्ग रूम में रखी प्रत्येक अलमारी की चाबी संबंधित परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक को सौंप दी जाए।

उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से ट्रकों द्वारा भेजने की व्यवस्था की गई है। इन ट्रकों पर ‘ऑन गवर्नमेंट ड्यूटी’ लिखा कागज चस्पा किया जाएगा, और इन ट्रकों को रास्ते में कहीं रोका नहीं जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं के साथ न्यूनतम एक अध्यापक, एक लिपिक, दो सशस्त्र पुलिस बल और दो परिचालक अनिवार्य रूप से रहेंगे।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed