
शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (NIOS) परियोजना के छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए विशेष पहल की है। अगले माह से शुरू होने वाली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निदेशालय के एनआईओएस परियोजना के क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक विकास कालिया ने एक सर्कुलर जारी किया है।
इस सर्कुलर में एनआईओएस अध्ययन केंद्रों के प्रमुखों के लिए विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) जारी की गई है। इसके तहत पहली परीक्षा से दो दिन पहले तक नियमित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी ताकि छात्र परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।एनआईओएस शिक्षकों को अन्य जिम्मेदारियों से मुक्त रखा जाएगा, जिससे वे केवल शिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर सकें। कठिन विषयों पर विशेष पुनरावृत्ति कक्षाएं (रिवीजन क्लास) आयोजित की जाएंगी, ताकि छात्रों की समझ बेहतर हो।
छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं
प्री-बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि छात्र अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार कर सकें। अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता वाले छात्रों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं (रिमेडियल क्लासेस) चलाई जाएंगी। छात्रों के लिए प्रैक्टिस टेस्ट आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें परीक्षा पैटर्न की समझ विकसित हो और वे आत्मविश्वास से परीक्षा दे सकें। शंकाओं का समाधान और रचनात्मक फीडबैक प्रदान किया जाएगा, जिससे छात्र सही दिशा में प्रगति कर सकें। छात्रों को लगातार प्रेरित और प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सकें।
शिक्षा निदेशालय की इस पहल का उद्देश्य एनआईओएस छात्रों की परीक्षा तैयारी को मजबूत बनाना और उनके प्रदर्शन में सुधार लाना है, जिससे वे बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त कर सकें।




Add comment