Edinbox Hindi

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्थाई शिक्षकों की भर्ती जल्द, भरे जाएंगे 9000 पद

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्थाई शिक्षक पदों के लिए जल्द ही भर्तियां शुरू हो सकती हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 9000 पदों को भरा जाएगा। शिक्षा निदेशालय इसकी तैयारी में जुटा हुआ है, और यह भर्ती दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) द्वारा की जाएगी। संभावना है कि यह प्रक्रिया इसी शैक्षणिक सत्र में शुरू हो सकती है।

मई तक जारी होगा भर्ती नोटिफिकेशन
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कुल 70,000 से अधिक पद हैं, जिनमें से लगभग 66,000 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें करीब 12,000 शिक्षक अस्थायी रूप से कार्यरत हैं। पूर्व सरकार के कार्यकाल में अधिकांश शिक्षकों की नियुक्ति अस्थायी आधार पर की गई थी। इसके अलावा, जिन शिक्षकों ने पद छोड़ दिया, उनकी जगह भी अस्थायी नियुक्तियां की गई थीं। अब शिक्षा निदेशालय स्थायी शिक्षकों की भर्ती करने जा रहा है। निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह भर्तियां पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) और टीजीटी (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर) पदों के लिए होगी। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया के लिए अभी आधिकारिक नोटिस जारी नहीं हुआ है, लेकिन यह संभवतः अप्रैल या मई तक जारी किया जा सकता है।

विज्ञान शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
शैक्षणिक सत्र 2025-26 से दिल्ली के सरकारी स्कूलों में विज्ञान स्ट्रीम को बढ़ावा देने की योजना है। शिक्षा निदेशालय इस योजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत 600 से अधिक स्कूलों में विज्ञान स्ट्रीम को लागू करने की संभावना है। इसके साथ ही, प्रयोगशालाओं (लैब) का निर्माण किया जाएगा और छात्रों को विज्ञान विषय के प्रति अधिक रुचि लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वर्तमान में, दिल्ली के लगभग 430 स्कूलों में विज्ञान स्ट्रीम की पढ़ाई हो रही है, जिसे अब और अधिक स्कूलों तक विस्तारित करने की योजना बनाई जा रही है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed