
इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे जारी करने के तीन दिन बाद, बिहार बोर्ड ने आज कक्षा 10वीं के नतीजों की भी घोषणा कर दी। इस साल बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में कुल 82.11% छात्र पास हुए हैं। बिहार बोर्ड 10वीं में संयुक्त रूप से तीन विद्यार्थियों ने टॉप किया है। इनमें समस्तीपुर की साक्षी कुमारी, पश्चिम चंपारण की अंशु कुमारी, और रंजन वर्मा शामिल हैं। इन तीनों ने 489 (97.80 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए हैं।
दूसरे स्थान पर भी तीन बच्चे शामिल हैं। भोजपुर के पुनीत कुमार सिंह, जमुई के सचिन कुमार राम और मुंगेर के प्रियांशु राज ने 488 (97.60 प्रतिशत) अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
तीसरे स्थान पर पांच बच्चे हैं, जिनमें बांका के मोहित कुमार, सुरज कुमार पांडेय, रोहतास की खुशी कुमारी, आजमनगर के प्रियांशु रंजन और जमुई के रोहित कुमार शामिल हैं। इन सभी ने 487 (97.40 प्रतिशत) अंक प्राप्त किए हैं। इस साल बिहार बोर्ड 10वीं के टॉप 10 में कुल 123 छात्रों ने अपनी जगह बनाई है, जिनमें 60 छात्राएं और 63 छात्र हैं।
बीएसईबी पिछले कुछ वर्षों से कक्षा 10वीं के परिणाम सबसे पहले घोषित करने के मामले में देश का अग्रणी बोर्ड बन चुका है। परीक्षा में शामिल सभी छात्र अब अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणामों के साथ-साथ कुल पास प्रतिशत और टॉपर्स के नाम भी घोषित किए गए हैं। बिहार बोर्ड ने इस बार 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 25 फरवरी 2025 तक दो पालियों में आयोजित की थीं।
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि 15,58,077 छात्रों ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी, जिनमें से 12,79,294 छात्रों ने परीक्षा पास की। वहीं 2,78,783 छात्र फेल हो गए। इस बार प्रथम श्रेणी से पास करने वालों में 2,53,754 लड़के और 2,17,091 लड़कियां शामिल हैं, यानी कुल 4,70,845 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में पास किया है।
इस वर्ष बिहार बोर्ड ने टॉपर्स को मिलने वाली पुरस्कार राशि को दोगुना कर दिया है। अब टॉपर को 2 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि पहले यह इनाम 1 लाख रुपये था। दूसरे स्थान पर आने वाले छात्र को 1.50 लाख रुपये मिलेंगे, जो पहले 75 हजार रुपये थे। तीसरे स्थान के छात्र को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि पहले यह इनाम 50 हजार रुपये था। चौथे से लेकर दसवें स्थान तक के अव्वल छात्रों को 20 हजार रुपये मिलेंगे, जो पहले केवल 10 हजार रुपये तक था।




Add comment