
अगर आप किसी मेडिकल कॉलेज या यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर या एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर काम करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। अब प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर बनने के लिए आपको बीसीएमईटी (बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन टेक्नोलॉजी) कोर्स करना अनिवार्य होगा। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमें कहा गया कि एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पद पर प्रमोशन के लिए फैकल्टी मेंबर्स को आयोग द्वारा नामित संस्थान से यह कोर्स करना होगा।
BCMET कोर्स का अनिवार्य होना
नोटिफिकेशन के मुताबिक, मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेज या संस्थान में एमडी/एमएस (बॉड स्पेशलिटीज) और डीएम/एमसीएच (सुपर स्पेशलिटीज) में एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों पर प्रमोशन के लिए फैकल्टी को मेडिकल टेक्नोलॉजी एजुकेशन में बेसिक कोर्स करना अनिवार्य होगा। यह कोर्स सिर्फ नामित संस्थानों से ही किया जा सकेगा।
फैकल्टी नियुक्ति और BCMET ट्रेनिंग
नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की नियुक्ति के संबंध में जहां पदों की स्वीकृति की गई है, वहां पोस्टग्रेजुएशन मेडिकल एजुकेशन बोर्ड ने निर्णय लिया है कि इन मामलों में संबंधित राज्य/संघ क्षेत्र के मेडिकल एजुकेशन के मुख्य सचिव से एक हलफनामा प्राप्त किया जाना चाहिए। इस हलफनामे में यह पुष्टि की जानी चाहिए कि नियुक्त फैकल्टी मेंबर अगले एकेडमिक सेशन के अंदर बीसीएमईटी ट्रेनिंग पूरी करेंगे।
BCMET ट्रेनिंग की समय सीमा
नोटिफिकेशन में आगे कहा गया है कि एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए लेटर ऑफ परमिशन (Lop) के लिए आवेदन मांगे जाने से पहले यह ट्रेनिंग कोर्स पूरा करना होगा। एलओपी के लिए आवेदन 2025 के अक्टूबर माह से शुरू होने की संभावना है।




Add comment