Edinbox Hindi

विनीत जोशी बने यूजीसी के अस्थाई अध्यक्ष, रह चुके हैं एनटीए और सीबीएसई के चेयरमैन

पूर्व यूजीसी अध्यक्ष प्रोफेसर ममीडाला जगदीश कुमार के कार्यकाल की समाप्ति के बाद उच्च शिक्षा विभाग के वर्तमान सचिव विनीत जोशी को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अगले आदेश तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे और स्थायी नियुक्ति तक यूजीसी की जिम्मेदारियां निभाएंगे।

1992 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत जोशी इससे पहले मणिपुर के मुख्य सचिव, सीबीएसई के अध्यक्ष और मणिपुर के रेजिडेंट कमिश्नर जैसे पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। आईआईटी कानपुर और आईआईएफटी के पूर्व छात्र डॉ. जोशी ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

देश की परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में विनीत जोशी का योगदान उल्लेखनीय रहा है। दिसंबर 2019 से नवंबर 2020 तक वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक रहे और इस दौरान उन्होंने NEET, JEE Main और UGC-NET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं को सफलतापूर्वक आयोजित कराया।

इसके अतिरिक्त, फरवरी 2010 से नवंबर 2014 तक अपने कार्यकाल में सीबीएसई अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई शैक्षणिक सुधारों की शुरुआत की। सतत और व्यापक मूल्यांकन (CCE) प्रणाली उन्हीं की पहल रही, जो स्कूली शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।

बता दें कि यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर ममीडाला जगदीश कुमार 65 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद 7 अप्रैल को पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे फरवरी 2022 से यूजीसी प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले वे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के कुलपति भी रह चुके हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed