
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ को नया निदेशक मिल गया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली (आईआईटी-डी) के प्रोफेसर मनमोहन प्रसाद गुप्ता को आईआईएम लखनऊ का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। वह जल्द ही अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इस संबंध में आईआईएम लखनऊ की ओर से भी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। प्रो. गुप्ता संभवतः 23 अप्रैल, 2025 तक कार्यभार संभाल लेंगे।
आईआईएम लखनऊ के नए निदेशक की नियुक्ति की पुष्टि बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन द्वारा 11 अप्रैल, 2025 को भेजे गए पत्र से हुई थी। इसके बाद 14 अप्रैल को बीओजी के सचिव द्वारा एक आंतरिक ईमेल के माध्यम से संकाय और कर्मचारियों को इस नियुक्ति की जानकारी दी गई।
पांच वर्ष का कार्यकाल
प्रोफेसर गुप्ता 23 अप्रैल, 2025 को पांच वर्षों के कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने कई वर्षों तक आईआईटी दिल्ली में कार्य किया है और अनुसंधान, शिक्षण एवं संस्थागत विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
प्रबंधन विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिष्ठित नाम
वर्तमान में प्रोफेसर मनमोहन प्रसाद गुप्ता, आईआईटी दिल्ली के प्रबंधन अध्ययन विभाग में मोदी फाउंडेशन चेयर पर्सन के रूप में कार्यरत हैं। वह प्रबंधन विज्ञान के क्षेत्र में अपने विशिष्ट योगदान के लिए व्यापक रूप से पहचाने जाते हैं।
आईआईएम में पहली बार आईआईटी प्रोफेसर की नियुक्ति
यह पहली बार है जब किसी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर को देश के शीर्ष बिजनेस स्कूलों में से एक का नेतृत्व करने के लिए चुना गया है। यह कदम प्रबंधन शिक्षा और तकनीकी नेतृत्व के क्षेत्र में समन्वय की दिशा में एक नया अध्याय साबित हो सकता है।
पूर्व निदेशक प्रो. अर्चना शुक्ला का कार्यकाल समाप्त
आईआईएम लखनऊ की पूर्व निदेशक प्रोफेसर अर्चना शुक्ला का कार्यकाल 4 अप्रैल, 2024 को समाप्त हो गया था, जिसके बाद उन्हें एक वर्ष का अंतरिम सेवा विस्तार दिया गया था। प्रोफेसर गुप्ता की नियुक्ति के साथ अब संस्थान को स्थायी निदेशक मिल गया है।




Add comment